Homeछत्तीसगढ़दर्दनाक हादसा: बस्तर जा रहे बाइकर्स के दल पर टूटा कहर, ट्रेलर...

दर्दनाक हादसा: बस्तर जा रहे बाइकर्स के दल पर टूटा कहर, ट्रेलर की टक्कर से मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइकर की मौत

धमतरी- बस्तर की ओर बाइक राइड पर निकले 23 राइडर्स के दल में उस वक्त मातम पसर गया, जब मरकाटोला घाटी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई की 24 वर्षीय महिला बाइकर रिद्धि ठक्कर की मौत हो गई। रिद्धि को सामने से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक 12 अगस्त की सुबह करीब 23 राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर-बस्तर की ओर रवाना हुआ था। इनमें कुछ लोग कार से भी यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद राइडर्स का समूह अलग-अलग दूरी पर हो गया। इसी दौरान पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मरकाटोला घाट के पास पीछे चल रही रिद्धि की बाइक को ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथी बाइकर्स और स्थानीय लोगों ने तत्काल उनकी मदद की। डायल-112 की सहायता से उन्हें चारामा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रिद्धि को मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान रिद्धि ठक्कर, निवासी कांदिवली, मुंबई वेस्ट के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बाइक क्रमांक MH 12 SP 0835 से मुंबई से रायपुर पहुंची थीं और यहां से बाइकर्स के दल के साथ बस्तर की ओर रवाना हुई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। हादसे में शामिल ट्रेलर और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है।

धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक महिला बाइकर की मौत हो चुकी थी। उन्होंने साथ मौजूद अन्य महिला बाइकर्स को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर ने बताया कि मृतका की पहचान मुंबई निवासी 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। वह बाइक राइडिंग के लिए मुंबई से बस्तर क्षेत्र की ओर आ रही थीं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है और शव को मुंबई भेजने की तैयारी की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और बाइक सवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments