दंतेवाड़ा। जंगल में गोह (बंगाल मॉनिटर लिजार्ड) का शिकार कर उसके पैर काटने और उसे पकाकर खाने का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
मामला दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी क्षेत्र का बताया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खूंटेपाल निवासी हुंगा ओयाम (30), कोसा ओयामी (39) और नंदाराम ओयामी (36) के रूप में हुई है। बताया गया है कि तीनों बोर उत्खनन करने वाली गाड़ी में काम करते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दो युवक गोह को पकड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक इसे शराब के साथ चखना बनाने की बात कहता है। इसके बाद गोह के साथ क्रूरता करते हुए चाकू से उसके पैर काटे जाने के दृश्य दिखाई देते हैं। आरोप है कि बाद में गोह को पकाकर खा लिया गया।
वीडियो वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। पीसीसीएफ के निर्देश पर बचेली रेंजर प्रीतेश पांडेय के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने श्यामगिरी क्षेत्र में तलाश कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
वन विभाग के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिस गोह का शिकार किया गया, उसकी उम्र करीब तीन से चार महीने बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक गोह के शिकार पर तीन से सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। मामले में आगे की जांच जारी है

