’तिल्दा-नेवरा के ग्रामीण क्षेत्रों में 2,800 वरिष्ठ नागरिकों की होगी निःशुल्क नेत्र जांच, जरूरतमंदों को मिलेंगे मुफ्त चश्मे
तिल्दा-नेवरा
तिल्दा के ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के नेत्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अदाणी फाउंडेशन द्वारा ‘विजन केयर प्रोजेक्ट’ का शुभारंभ शुक्रवार को ग्राम चिचोली से किया गया। परियोजना के माध्यम से अदाणी पावर लिमिटेड, रायखेड़ा के आसपास के गांवों में रहने वाले करीब 2,800 वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क नेत्र जांच की जाएगी। जांच के बाद जिन बुजुर्गों को चश्मे की आवश्यकता होगी, उन्हें निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

परियोजना के शुभारंभ अवसर पर ग्राम चिचोली में नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों की आंखों की जांच कर दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान की और आवश्यक परामर्श दिया।
गांव-गांव पहुंचेंगे नेत्र जांच शिविर
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों तक नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें कई बार आर्थिक या अन्य कारणों से नियमित नेत्र जांच की सुविधा नहीं मिल पाती। इसके तहत प्लांट के आसपास के विभिन्न गांवों में चरणबद्ध तरीके से नेत्र जांच शिविर लगाए जाएंगे।
परियोजना के अंतर्गत लगभग 2,800 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने और चश्मे की आवश्यकता होने पर लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे।
दृष्टि बेहतर होगी तो आसान होगी बुजुर्गों की जिंदगी
बढ़ती उम्र में नजर कमजोर होने से बुजुर्गों को पढ़ने, घर के दैनिक कार्य करने और सामान्य गतिविधियों में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में समय पर नेत्र जांच और जरूरत के अनुसार चश्मा मिलने से उनकी दैनिक जिंदगी काफी आसान हो सकती है।
ग्रामीणों ने अदाणी फाउंडेशन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी बताया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में शुरू की गई यह पहल ग्रामीण समुदाय के बीच नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद बुजुर्गों को सीधे स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की श्रृंखला में ‘विजन केयर प्रोजेक्ट’ ग्रामीण वरिष्ठ नागरिकों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है .

