तिल्दा-नेवरा में गणेश उत्सव का रंग अब पूरी तरह चढ़ने लगा है। शहर में जगह-जगह स्थापित गणेश पंडालों में भक्तों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ रही है। पिछले तीन दिनों से इंद्रदेव की मेहरबानी के चलते मौसम भी श्रद्धालुओं के अनुकूल बना हुआ है। बुधवार को पिछले दो दिनों की अपेक्षा पंडालों में अधिक भीड़ दिखाई दी। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
इस वर्ष तिल्दा-नेवरा शहर में 50 से अधिक स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनमें करीब 20 पंडालों में बड़ी और आकर्षक प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। शाम होते ही इन पंडालों में रोशनी, सजावट और आरती के साथ गणेश उत्सव का माहौल और भक्तिमय हो जाता है।
बनियापारा से सिंधी कैंप तक आकर्षण

आस्था परिवारराधा-कृष्ण मंदिर के सामने
बनियापारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के सामने आस्था गणेश उत्सव समिति द्वारा भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां शाम को होने वाली आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
इसी तरह केसरवानी मोहल्ले में मीनू केसरवानी के निवास के सामने भी बड़ी और भव्य गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। हेमू कालानी चौक पर भी गणपति की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

बाल गणेश
सिंधी कैंप में रांईजनिंग सन गणेश उत्सव समिति द्वारा विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां प्रतिदिन रात 8:30 बजे आरती होती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। समिति के आयुष कुमार ने बताया कि गुरुवार से श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रसाद वितरण भी शुरू किया जाएगा।
वहीं ज्ञान मेडिकल की गली में स्थापित गणेश प्रतिमा के सामने भी शाम की आरती में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
गांवों से भी पहुंच रहे श्रद्धालु

हेमू कालानी चौक
गणेश उत्सव को लेकर शहर के साथ आसपास के गांवों में भी उत्साह है। शाम के समय लोग परिवार के साथ अलग-अलग गणेश पंडालों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कई स्थानों पर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए हलवा-पूरी, नाश्ता और शरबत का वितरण भी किया जा रहा है।
गणेश पंडालों में बढ़ती भीड़ के साथ शहर में उत्सव का माहौल लगातार भक्तिमय होता जा रहा है। अगले कुछ दिनों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। तिल्दा-नेवरा में गणेश उत्सव अब पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अपनी रौनक बिखेर रहा है।

