*गांव-गांव शराब की ‘प्यास’! अपराध बढ़े, फिर भी ग्रामीण बोले- “हमारे यहां भी खोलो शराब दुकान”
विडंबना या व्यवस्था पर तंज? गांव में शराब दुकान की मांग का वीडियो वायरल
इंदर कोटवानी
बलौदाबाजार।एक ओर प्रदेश में शराब से जुड़े अपराध, सड़क हादसे और सामाजिक समस्याओं को लेकर लगातार बहस चल रही है, वहीं दूसरी ओर बलौदाबाजार जिले के नरधा ग्राम पंचायत से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने गांव में सरकारी शराब दुकान खोलने की मांग कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत की बैठक में कुछ ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव के सामने गांव में शराब दुकान खोले जाने का प्रस्ताव रखा। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि शराब खरीदने के लिए उन्हें दूसरे गांव या कस्बे तक जाना पड़ता है, जिससे समय और परेशानी दोनों बढ़ती हैं। इसलिए गांव में ही शराब दुकान खोली जाए। वहीं यह मांग ऐसे समय उठी है, जब शराब से जुड़े अपराध, घरेलू हिंसा और सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लगातार चिंताएं जताई जा रही हैं।
ग्रामीणों की इस मांग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे व्यवस्था पर तंज बता रहा है तो कोई इसे बदलती सामाजिक सोच का उदाहरण मान रहा है।फिलहाल पंचायत या प्रशासन की ओर से इस मांग पर कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है, लेकिन यह मामला चर्चा का विषय जरूर बन गया है।

