Homeछत्तीसगढ़साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती, सतर्क रहें और जागरूक बनें : राजीव...

साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती, सतर्क रहें और जागरूक बनें : राजीव रंजन

पेंशनधारी कल्याण संघ की बैठक में साइबर सुरक्षा पर विशेष मार्गदर्शन, नए अध्यक्ष का स्वागत और जन्मदिन समारोह भी आयोजित

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील शाखा तिल्दा की मासिक बैठक कर्मचारी भवन में आयोजित की गई। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) तिल्दा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने साइबर अपराधों से बचाव पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर क्राइम समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। उन्होंने कहा कि शिक्षित लोग भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं, इसलिए हर व्यक्ति को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। साइबर अपराधी प्रतिदिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

उन्होंने पेंशनरों एवं छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के सदस्यों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी साझा न करने की सलाह दी।बैठक में छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भागीरथी पांसे ने सेवानिवृत्ति के उपरांत संगठन का दायित्व शिवप्रसाद बर्मन को सौंपा। नए अध्यक्ष का उपस्थित सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

संघ के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि समसामयिक कारणों से पिछले तीन माह से बैठक आयोजित नहीं हो सकी थी। इस कारण अप्रैल, मई एवं जून माह में जन्मदिन वाले 17 सदस्यों का सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। सभी को गुलाल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

संघ के अध्यक्ष रामावतार पांडेय ने कहा कि पेंशनरों को उनके अधिकारों की लड़ाई में हाईकोर्ट से राहत मिली है और अब महंगाई भत्ते (डीए) का लंबित एरियर शीघ्र मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में साहित्यकार एवं कवि गोपाल प्रसाद वर्मा ने अपने मधुर गीतों से माहौल को आनंदमय बना दिया। साथ ही उपस्थित सदस्यों को समय पर आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

बैठक को जवाहरलाल सिरमौर, धरसींवा के पूर्व अध्यक्ष बीरबल धुरंधर सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। अंत में दिवंगत सदस्य कलीराम वर्मा एवं इंदल वर्मा को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments