भिलाई। हिंदी सिनेमा के महान पार्श्वगायक स्वर्गीय मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि वर्ष के अवसर पर उनकी अमर आवाज और सदाबहार गीतों को श्रद्धांजलि देने के लिए भिलाई में भव्य ‘याद-ए-मुकेश’ श्रद्धांजलि संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष संगीत संध्या गुरुवार 27 अगस्त को शाम 7 बजे कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ, एसआरजी भिलाई इस्पात संयंत्र एवं लाइफ केयर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम में भिलाई-दुर्ग के साथ ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के प्रतिभावान गायक मुकेश के लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल होंगे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन एवं विधायक राकेश पाण्डेय, विधायक रिकेश सेन तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
प्रदेश के जाने-माने गायक देंगे प्रस्तुति
‘याद-ए-मुकेश’ में संदीप राजपूत, मोहम्मद रफीक, उमेश विश्वकर्मा, एंथोनी फ्रांसिस, रियाज अहमद, सजीव सुधाकरन, अनिल राउतकर, रमेश दत्त पाण्डेय, जाहिद अली, मुन्ना खान, कमाल अख्तर, श्रीनिवास, सीमा पटेल, ज्योति कश्यप, नीतू गोस्वामी, बीना सजीव, पीयूषा मनहरे और विभा दुबे सहित कई प्रसिद्ध गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मुकेश के सदाबहार गीतों से सजी इस शाम में संगीतप्रेमियों को उनकी मधुर आवाज और गीतों की यादों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का संगीत संयोजन यश यदु एवं उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। लाइव म्यूजिक के लिए तबला सहित विभिन्न वाद्ययंत्रों के कलाकारों की टीम भी तैयार की जा रही है।
आयोजक बी.डी. निजामी ने कहा कि मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि का अवसर उनके संगीत और उनकी महान विरासत को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। वहीं कार्यक्रम के संयोजक कैलाश जैन बरमेचा ने कहा कि ‘याद-ए-मुकेश’ के माध्यम से उनकी अमर गायकी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और संगीतप्रेमियों को उनकी यादों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुकेश की आवाज में दर्द, प्रेम, सादगी और भावनाओं का अनूठा संगम था। यही वजह है कि दशकों बाद भी उनके गीत संगीतप्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं। उनकी 50वीं पुण्यतिथि वर्ष पर आयोजित यह श्रद्धांजलि संध्या भिलाई के संगीतप्रेमियों के लिए एक यादगार शाम बनने की उम्मीद है।

