इंदर कोटवानी .
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने मंगलवार देर रात बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए भारी पुलिस बल के साथ शहर के कई मोहल्लों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान सोनी हॉस्पिटल के पीछे स्थित कॉलोनी, मकान कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में पुलिस ने दबिश देकर किरायेदारों और बाहरी लोगों का सत्यापन किया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान लगभग 500 लोगों को तत्काल थाने बुलाया गया, जिसके चलते देर रात थाने में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।बताया जा रहा है कि तिल्दा-नेवरा इंडस्ट्रियल एरिया होने के कारण यहां बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों और जिलों से लोग आकर रह रहे हैं। इनमें से कई लोगों ने स्थानीय थाने में अपना सत्यापन या निवास संबंधी जानकारी दर्ज नहीं कराई है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह विशेष अभियान चलाया।
पुलिस सभी लोगों के दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी का आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है या कोई फरार अथवा संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में रह तो नहीं रहा।

