तखतपुर टेकचंद कारड़ा)
तखतपुर। ग्राम पंचायत समडील मेंशनिवार को घोंघा नदी के तेज बहाव में बहे तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौटते समय तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे। हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोंघा नदी पार करते समय अचानक पानी का तेज बहाव आया और तीनों बच्चे बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तलाश अभियान शुरू किया। बाद में एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे का शव पहले ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश के लिए टीम ने रातभर अभियान जारी रखा।
आज सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों लापता बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही हादसे में लापता तीनों मासूमों की तलाश पूरी हो गई।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल KG-2, जबकि स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ते थे। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

