तिल्दा-नेवरा। कर्मचारी भवन तिल्दा में पेंशनरों के लिए पुस्तकालय शुरू करने की पिछले माह की गई घोषणा सोमवार को साकार हो गई। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं संस्कृत के विद्वान डॉ. उमाशंकर तिवारी ने 475 पुस्तकों और 5,100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। कार्यक्रम समाजसेवी हीरानंद हरिरामानी एवं भारतीय स्टेट बैंक शाखा नेवरा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ तहसील शाखा तिल्दा के महासचिव अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुस्तकालय में धार्मिक, सामाजिक एवं ऐतिहासिक पुस्तकों के साथ रामायण, महाभारत, श्रीमद्भगवद्गीता सहित अनेक प्रसिद्ध लेखकों, उपन्यासकारों और रचनाकारों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय का उद्देश्य पेंशनर साथियों को अध्ययन और ज्ञानवर्धन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
मुख्य अतिथि हीरानंद हरिरामानी ने कहा कि कर्मचारी भवन में प्रबुद्ध पेंशनरों के लिए शुरू किया गया यह पुस्तकालय अत्यंत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने अपनी कविता के माध्यम से आयोजन के लिए सभी को साधुवाद दिया। वहीं एसबीआई शाखा नेवरा के शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने कहा कि तिल्दा क्षेत्र के पेंशनर साथियों की पेंशन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए वे हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं।
डॉ. उमाशंकर तिवारी ने पुस्तकालय के शुभारंभ पर शुभकामनाएं दीं। संघ के तहसील अध्यक्ष रामावतार पाण्डेय ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों का सम्मान करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
सुंदरकांड का हुआ सस्वर पाठ
कार्यक्रम के दौरान श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का सस्वर पाठ श्री गोपाल प्रसाद वर्मा एवं उनकी रामायण पार्टी द्वारा किया गया। सुंदरकांड की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया और सभी ने इसकी सराहना की।
पेंशनर साथियों का मनाया गया जन्मदिन
अगस्त माह में जन्मदिन वाले पेंशनर साथियों का जन्मदिन समारोह भी आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें गुलाल लगाकर, मुंह मीठा कराकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में रघुनंदन लाल वर्मा, रामावतार पाण्डेय, उमाशंकर तिवारी, सुरेश कुमार शर्मा, शिवकुमार भारद्वाज, नरेंद्र कुमार वर्मा, रामकुमार वर्मा एवं बलीराम यादव सहित अन्य शामिल रहे।
कार्यक्रम में हरखराम वर्मा, घनश्याम प्रसाद वर्मा, सेवादास वैष्णव, मालिक राम साहू, रामेश्वर प्रसाद वर्मा, तुलसी राम वर्मा, रामचंद्र वर्मा, खोडसराम वर्मा, देवनाथ वर्मा, जवाहरलाल सिरमौर, अनुरुद्ध कुमार वर्मा, एस.एन. गुप्ता, मो. सलीम खान, लेखराम कुंभकार, रूपनारायण वर्मा, संध्या झा, कौशल वर्मा एवं झांसी वर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर साथी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय गोपाल वर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

