108 हितग्राहियों के बीच पहुंचकर नाम कटने का डर दिखाया जा रहा, CMO बोले- शिकायत मिलते ही होगी FIR, किसी गरीब को नहीं लूटने देंगे
इंदर कोटवानी …
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना को तिल्दा-नेवरा में कथित तौर पर कुछ लोग ही बदनाम करने में जुटे हैं। गरीबों के सिर पर छत देने वाली इस योजना के नाम पर हितग्राहियों को सूची से नाम कटने का डर दिखाकर 10 से 15 हजार रुपए तक की वसूली किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। हैरानी की बात यह है कि उगाही करने वाले खुद को भाजपा से जुड़ा बताकर प्रभाव का हवाला दे रहे हैं, जबकि कुछ भाजपा और कांग्रेस पार्षदों के नाम भी चर्चा में हैं। मामला सामने आने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी हितग्राही से एक रुपया भी मांगने वाले के खिलाफ सीधे पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
तिल्दा-नेवरा नगर पालिका क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 108 हितग्राहियों के नाम स्वीकृत हुए हैं। सभी हितग्राहियों का चयन ऑनलाइन आवेदन और शासन द्वारा तय पात्रता के आधार पर किया गया है। लेकिन अब आरोप है कि कुछ लोग स्वीकृत सूची में शामिल हितग्राहियों के घर-घर जाकर उनसे पैसे मांग रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये लोग हितग्राहियों को यह कहकर डरा रहे हैं कि उनके परिवार में पहले किसी सदस्य—जैसे पिता, माता या भाई—को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है, इसलिए उनका नाम सूची से हट सकता है। इसके बदले 10 से 15 हजार रुपए देने पर राशि जल्द जारी कराने और नाम सुरक्षित रखने का भरोसा दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के वर्तमान प्रावधानों में यदि कोई व्यक्ति पात्रता की सभी शर्तें पूरी करता है तो केवल परिवार के किसी अन्य सदस्य को पहले लाभ मिलने के आधार पर उसका नाम स्वतः निरस्त नहीं किया जाता। इसी भ्रम का फायदा उठाकर गरीब और जरूरतमंद लोगों से कथित रूप से उगाही की जा रही है।
चर्चा है कि वार्ड क्रमांक 20 में एक व्यक्ति खुलेआम इस तरह की वसूली कर रहा है और वह खुद को भाजपा से जुड़े प्रभावशाली नेता का करीबी बताता है। वहीं कुछ गरीब बस्तियों में कुछ पार्षदों द्वारा भी हितग्राहियों से पैसों की मांग किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, पैसों की मांग से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले की जानकारी नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) अमिताभ शर्मा तक पहुंचने के बाद उन्होंने हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं। जिन लोगों का नाम स्वीकृत सूची में है, वे नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर स्वयं सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने पूरे मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भी भेजी है। वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री से भी शिकायत किए जाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पूरे शहर में इस कथित उगाही को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
CMO अमिताभ शर्मा का बयान
“गरीबों से उगाही बर्दाश्त नहीं, शिकायत मिलते ही होगी FIR”
नगर पालिका तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा ने कहा कि “प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों के लिए केंद्र सरकार की बेहद महत्वपूर्ण योजना है। यदि कोई व्यक्ति किसी हितग्राही से योजना के नाम पर पैसा मांगता है, नाम कटने का डर दिखाता है या किसी अधिकारी का नाम लेकर वसूली करता है, तो हितग्राही तुरंत नगर पालिका में शिकायत करें। शिकायत मिलते ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सीधे थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। किसी भी गरीब को इस योजना के नाम पर ठगने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”

