तखतपुर मारपीट से आहत एक युवक द्वारा कीटनाशक का सेवन करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सावाडबरा निवासी लालू यादव, पिता संगीत यादव, का कुछ दिन पहले नानू जायसवाल उर्फ युगल जायसवाल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान नानू जायसवाल ने लालू यादव के साथ मारपीट की थी।
बताया जा रहा है कि इस घटना से आहत होकर लालू यादव ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए बिलासपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। फिलहाल, मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तखतपुर से टेकचंद कारड़ा की रिपोर्ट

