शिक्षा

छ.ग विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ.चरण दास महंत बने नेता प्रतिपक्ष, दीपक बैज बने रहेंगे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत को विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता और नेता प्रतिपक्ष चुना गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह आदेश जारी किया है। वहीं दीपक बैज भी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे। भूपेश बघेल ने ट्वीट कर चरण दास महंत को बधाई दी।

रायपुर में 13 दिसंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी हुई थी। इस बैठक में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कांग्रेस विधायकों के साथ रायशुमारी की थी। बैठक के बाद माकन ने बताया था कि विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष तय करने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंपी है।

विधानसभा अध्यक्ष थे महंत

2018 में कांग्रेस शासनकाल में चरण दास महंत विधानसभा अध्यक्ष थे। 2023 में उन्होंने सक्ती विधानसभा से चुनाव जीता है। बीजेपी के खिलावन साहू को उन्होंने 12 हजार 395 वोट से हराया है। महंत के राजनीतिक करियर की शुरुआत मध्य प्रदेश विधानसभा से हुई। वह 1980 में पहली बार विधायक बने थे।

1993 से 1998 के बीच वह मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे। 1998 में लोकसभा के लिए चुने गए। महंत 2006 से 2008 तक छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद 2009 में वह 15वीं लोकसभा के लिए भी चुने गए। महंत ने मनमोहन सिंह सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। 23 सितंबर 2009 को उन्हें संसद सदस्यों के वेतन और भत्ते पर संयुक्त समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें कोरबा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। 2018 में वह पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष बने। 2018 में ही उन्होंने राज्य की सक्ती विधानसभा सीट से भारी बहुमत से जीत हासिल की।

दीपक बैज बने रहेंगे प्रदेश अध्यक्ष

दीपक बैज छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे। आदेश के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने दीपक बैज को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। 2023 चुनाव में दीपक बैज को शिकस्त मिली है। चित्रकोट सीट से उन्हें बीजेपी के विनायक गोयल ने हराया है। वे बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे हैं।

2019 के संसदीय चुनावों में बस्तर लोकसभा सीट से सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधायक पद छोड़ दिया था। बैज पहली बार 2013 में और फिर 2018 में लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। 2023 में ही 13 जुलाई को दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। मोहन मरकाम को हटाकर उन्हें प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी। मोहन मरकाम पिछले चार साल से पार्टी के मुखिया थे। मरकाम को 28 जून 2019 को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button