Homeछत्तीसगढ़झारखंड में भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के 3...

झारखंड में भीषण सड़क हादसा, छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

ट्रक-कार की आमने-सामने भिड़ंत में दो गंभीर घायल, 9 माह का बच्चा सुरक्षित

राजनांदगांव/झारखंड। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार में सवार नौ माह का बच्चा सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर की सुबह परिवार कार से राजनांदगांव से जमशेदपुर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में कुदापी डाउन के पास कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

हादसे में अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) की मौत हो गई। वहीं, हरमन कौर (6) और प्रदीप सिंह (57) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना में नौ माह का बच्चा सुरक्षित बच गया।

हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर हाटगम्हरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में शामिल ट्रक और कार को जब्त कर लिया गया है। फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। हादसे की खबर से राजनांदगांव में मृतकों के परिजनों और परिचितों के बीच शोक का माहौल है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments