जरूरत के वक्त लिया गया कर्ज कैसे किसी परिवार के लिए मुसीबत बन सकता है, इसकी तस्वीर दुर्ग जिले से सामने आई है। आरोप है कि 50 हजार रुपए उधार देने के बाद ब्याज और वसूली के नाम पर 2 लाख 22 हजार रुपए की मांग की गई। रकम चुकाने के बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त पैसों के लिए दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। तलाशी में करीब 3 लाख 80 हजार रुपए नकद, लेन-देन की डायरी, ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
दुर्ग। जिले के वैशालीनगर थाना क्षेत्र में ब्याज पर रकम देने के बाद कथित तौर पर मनमानी वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबली साहू उर्फ बबली निरंजन (42) और ज्योति निरंजन (27) के रूप में हुई है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी लेकर नकदी सहित लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए।
50 हजार का कर्ज, 72,500 चुकाने के बाद भी अतिरिक्त रकम की मांग
पुलिस के अनुसार, वैशालीनगर निवासी पूनम मनोज कुमार ने 27 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2024 में उन्होंने 50 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे। इसके बदले सुरक्षा के तौर पर ब्लैंक चेक और हस्ताक्षर किया हुआ कोरा स्टाम्प पेपर दिया गया था। पूनम का आरोप है कि उन्होंने 29 सप्ताह तक हर सप्ताह 2,500 रुपए के हिसाब से कुल 72,500 रुपए चुका दिए। इसके बावजूद उनसे 1 लाख 50 हजार रुपए अतिरिक्त मांगे जा रहे थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रकम देने में देरी होने पर गाली-गलौज की जाती थी और उन्हें तथा उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जाती थी।
दूसरी महिला से भी वसूली का आरोप
इस मामले में पूनम की सहेली सुमिता तब्बोली ने भी परेशान किए जाने और धमकी देने की शिकायत की। पुलिस के मुताबिक, सुमिता ने एक लाख रुपए ब्याज पर लिए थे और 28 सप्ताह तक हर सप्ताह पांच हजार रुपए के हिसाब से कुल 1 लाख 40 हजार रुपए चुका दिए थे। इसके बाद भी उनसे कथित तौर पर रकम की मांग की जा रही थी। पुलिस दोनों शिकायतों से जुड़े तथ्यों और लेन-देन के दस्तावेजों की जांच कर रही है।
तलाशी में 3.79 लाख रुपए नकद और ब्लैंक चेक बरामद
शिकायत के बाद वैशालीनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, बबली साहू के कब्जे से 99 हजार 900 रुपए नकद मिले, जबकि सीमा यादव के मकान की तलाशी में करीब 2 लाख 80 हजार रुपए बरामद किए गए। इस तरह कुल 3 लाख 79 हजार 900 रुपए नकद जब्त किए गए। इसके अलावा ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरी, अलग-अलग बैंकों के ब्लैंक चेक और कोरे स्टाम्प पेपर भी बरामद हुए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है।
बबली के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, बबली साहू उर्फ बबली निरंजन के खिलाफ सुपेला थाने में कर्जा एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बबली और ज्योति निरंजन को 28 अक्टूबर को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 308(5), 3(5) और कर्जा एक्ट की धारा 4 के तहत कार्रवाई की है।

