तिल्दा-नेवरा। लगातार हो रही बारिश के बीच तिल्दा-कोहका-राजिया मार्ग पर स्थित उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बहे अंकित का 25 घंटे बाद भी पता नही चल पाया है .अब रविवार को उसकी तलाश करने NDRF की टीम एक बार फिर से नाले में उतरेगी ..शुक्रवार की रात ग्राम खुडमुड़ी से अपने जीजा के घर से दोस्तों के साथ लौट रहा 24 वर्षीय युवक अंकित पाठक उफनते नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गया था । उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव रात को अंधरा होने के कारण वे उसे पकड़ नहीं सके। और देखते ही देखते अंकित पानी में ओझल हो गया।
बताया गया कि बिरगांव निवासी अंकित पाठक अपने दोस्तों के साथ ग्राम खुडमुड़ी में अपने बहन के घर घूमने आया था। रात करीब 9 बजे जब वह दोस्तों के साथ वापस निकलने लगा तो जीजा ने बारिश और नाले में तेज बहाव को देखते हुए रुक जाने की सलाह दी थी, लेकिन अंकित दोस्तों के साथ घर से निकल गया।
हाथ छूटा और बहाव में चला गया युवक
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, नाले पर बनी छोटी पुलिया के ऊपर से पानी तेज गति से बह रहा था। इसके बावजूद तीनों युवक एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नाला पार करने लगे। इसी दौरान अचानक अंकित का हाथ दोस्तों से छूट गया और वह तेज बहाव में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और पानी का तेज बहाव उनके लिए बड़ी बाधा बन गया।
हादसे के बाद दोनों युवक किसी तरह नाला पार कर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रात और अंधेरे के कारण तत्काल तलाश अभियान आगे नहीं बढ़ाया जा सका।सुबह NDRF की टीम ने भी तलाश की लेकिन पता नही चल पाया .अब रविवार को सुबह फिर से तलाश की जाएगी
नाला आगे जाकर हो जाता है काफी गहरा
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां नाला अपेक्षाकृत छोटा दिखाई देता है, लेकिन आगे जाकर इसका आकार काफी बड़ा हो जाता है। पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। फिलहाल अंकित की तलाश जारी है। पुलिस ने नाले से लगे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को युवक के बह जाने की जानकारी दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों और उफनते नालों के पास न जाएं। पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।

