Homeछत्तीसगढ़दंतेवाड़ा में सनसनीखेज लूट: सराफा कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल तानकर 2...

दंतेवाड़ा में सनसनीखेज लूट: सराफा कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल तानकर 2 करोड़ से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर लूटे

जंगल के रास्ते में लिफ्ट मांगकर गाड़ी में बैठे दो हथियारबंद बदमाश, व्यापारी और ड्राइवर को बनाया बंधक, मोबाइल फोन फेंककर हुए फरार

दंतेवाड़ा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से बड़ी और सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। नेशनल हाईवे-63 पर दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को निशाना बनाते हुए 2 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने पहले लिफ्ट मांगने के बहाने कारोबारी की गाड़ी रुकवाई और फिर गाड़ी में सवार होकर व्यापारी तथा ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल तान दी। चाकू से भी डराकर आभूषणों से भरा बैग लेकर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वारदात ने नेशनल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

दुकान बंद कर घर लौट रहा था कारोबारी

जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद एक अन्य व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई निजी गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के जंगल में सड़क पर खड़े दो अज्ञात बदमाशों ने हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई और लिफ्ट लेने के बहाने उसमें सवार हो गए।

कुछ दूर आगे बढ़ते ही बदमाशों ने अपने इरादे जाहिर कर दिए। दोनों ने व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर पिस्टल तान दी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद गाड़ी में रखा सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

बैग में 1300 ग्राम सोना और 15 किलो से ज्यादा चांदी!

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वहीं, 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी बैग में रखे थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल लूट की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

हालांकि, आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का सत्यापन होना अभी बाकी है।

वारदात के बाद फेंक दिए मोबाइल फोन

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। किसी तरह व्यापारी थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस की टीम अब घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर बदमाशों के सुराग तलाश रही है।

पुलिस जांच में जुटी, FIR और लूट की रकम पर स्थिति स्पष्ट नहीं

नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल के मुताबिक, फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की सही मात्रा स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब करके जानकारी देने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जगदलपुर में भी दो दिन पहले हुई थी 1.74 करोड़ की चोरी

गौरतलब है कि धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सराफा दुकान में भी ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी। अब बस्तर संभाग में एक के बाद एक सराफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments