Homeछत्तीसगढ़दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, महानदी में समाई कार, एक ही...

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, महानदी में समाई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक

गरियाबंद/राजिम। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। रायपुर में दीपावली मनाकर अपने गांव लौट रहा एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। राजिम के टीला एनीकट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे महानदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी समेत परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 19 वर्षीय बेटा और 21 वर्षीय बेटी भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव निवासी शीतल साहू अपने परिवार के साथ रायपुर में दीपावली मनाने गए थे। त्योहार मनाने के बाद देर रात सभी कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चंपारण थाना क्षेत्र के टीला एनीकट के पास कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई।

हादसे में पति-पत्नी और उनके 2 बच्चों की मौत हो गई।

 

हादसे में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) की जान चली गई। बताया जा रहा है कि कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था और शीतल साहू पत्रकार थे।

रात 11 बजे हुई आखिरी बातचीत, सुबह तक घर नहीं पहुंचा परिवार

परिजनों के मुताबिक, शीतल साहू की रात करीब 11 बजे घरवालों से आखिरी बार बातचीत हुई थी। रात 2 बजे के बाद भी जब परिवार घर नहीं पहुंचा तो परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े। खोजबीन के दौरान टीला एनीकट के चार पिलर टूटे हुए मिले। इसके बाद महानदी में कार दिखाई दी। आशंका है कि हादसा रात 11 बजे से 2 बजे के बीच हुआ।

हैरानी की बात यह है कि हादसे वाली जगह से परिवार का गांव महज तीन किलोमीटर दूर था। घर पहुंचने में लगभग 10 मिनट का समय ही लगता, लेकिन मंजिल से कुछ ही दूरी पहले पूरा परिवार काल के गाल में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही चंपारण पुलिस मौके पर पहुंची। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पसौद गांव में शोक की लहर है। दीपावली की खुशियां एक ही झटके में मातम में बदल गईं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments