इंदर कोटवानी
पीएम मोदी का संदेश – जहां कभी नक्सलियों का खौफ था, वहां आज विकास की बहार है; देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस बार दीपावली का पर्व खास होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर पहुंचकर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ त्योहार मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपने बस्तर दौरे की जानकारी दी है। उनके इस दौरे को बस्तर के बदलते हालात और सुरक्षा बलों के मनोबल के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर वह बस्तर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलियों का कहर और भय व्याप्त था, वहां आज विकास की बहार दिखाई दे रही है। वह देश की रक्षा में जुटे जवानों के त्याग, तपस्या और समर्पण को नमन करने जा रहे हैं।
जवानों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा जारी
प्रधानमंत्री मोदी पिछले कई वर्षों से दीपावली का पर्व देश के अलग-अलग सैन्य ठिकानों पर जवानों के बीच मनाते आ रहे हैं। इस परंपरा के माध्यम से वह सीमाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात सैनिकों के साथ खुशियां साझा करते हैं तथा उनके कठिन सेवा जीवन के प्रति सम्मान प्रकट करते हैं।
बस्तर के लिए क्यों खास है यह संदेश?
बस्तर लंबे समय तक नक्सली हिंसा और भय के कारण विकास की चुनौतियों से जूझता रहा है। अब सुरक्षा अभियानों के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर नई उम्मीदें बनी हैं। 31 मार्च 2026 को केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता का दावा किया था।

