भिलाई -भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में रविवार को इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम करते समय करंट लगने से संयंत्र के कर्मचारी विनोद कुमार (36) की मौत हो गई। हादसा यूआरएम (यूनिवर्सल रेल मिल) के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास हुआ। सूचना मिलते ही संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार भिलाई इस्पात संयंत्र में जेईए (जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी बी शिफ्ट में ड्यूटी थी। वे यूआरएम के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को इलाज के लिए प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट-1 ले जाया गया। उन्हें शाम 4:53 बजे मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बीएसपी प्रबंधन ने कर्मचारी विनोद कुमार की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के अनुसार, हादसे की शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मेंटेनेंस के दौरान विनोद कुमार करंट की चपेट में कैसे आए।
जांच में सुरक्षा मानकों के पालन, कार्यस्थल की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

