सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार यात्री बस और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे थे। हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर हुआ। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को ग्राम दर्री के हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। वे वहां गायन प्रस्तुति देने वाले थे।

बस ने बाइक को मारी टक्कर
इसी दौरान छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक से उछलकर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बस ड्राइवर की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से दर्री और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनके परिवारों की खुशियां छीन लीं

