Homeमध्यप्रदेशमेले की चाऊमीन बनी बच्चों के लिए मुसीबत, 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग...

मेले की चाऊमीन बनी बच्चों के लिए मुसीबत, 118 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार; 45 अस्पताल में भर्ती

जिस मेले में बच्चों के चेहरे पर खुशियां होनी थीं, वहां चाऊमीन खाने के बाद चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी बच्चे के पेट में तेज दर्द उठा तो कोई बेचैनी से तड़पने लगा। देखते ही देखते एक-दो नहीं, बल्कि 118 बच्चे बीमार पड़ गए। परिजनों की सांसें अटक गईं और आनन-फानन में बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से सामने आई यह घटना खानपान में लापरवाही और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

बालाघाट। जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हिर्री में आयोजित मंडई (मेले) की खुशियां उस समय मातम और दहशत में बदल गईं, जब चाऊमीन खाने के बाद बड़ी संख्या में बच्चे अचानक बीमार पड़ने लगे। पेट दर्द और उल्टी-दस्त जैसी शिकायतों के बाद 118 बच्चों के फूड पॉइजनिंग की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल सभी प्रभावित बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

45 बच्चे जिला अस्पताल रेफर, 12 वयस्क भी भर्ती

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को ग्राम हिर्री में मंडई का आयोजन किया गया था। इसी दौरान बच्चों ने मेले में चाऊमीन खाई। इसके बाद एक के बाद एक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को देखते हुए बीमार बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।

बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 45 बच्चों को जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अचानक इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया।

कलेक्टर पहुंचे अस्पताल, बच्चों से मिलकर जाना हाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए 22 नवंबर की सुबह कलेक्टर आदित्य सिंह जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों से बातचीत कर उनकी तबीयत की जानकारी ली और परिजनों से भी चर्चा की। कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी तरह की लापरवाही न हो।

सभी मरीज खतरे से बाहर, डॉक्टरों की निगरानी में उपचार

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के अनुसार जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति सामान्य है। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

खाद्य सुरक्षा पर उठे सवाल

एक ही मेले में चाऊमीन खाने के बाद इतनी बड़ी संख्या में बच्चों का बीमार पड़ना कई सवाल खड़े करता है। मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हुई थी या नहीं? चाऊमीन तैयार करने में इस्तेमाल सामग्री कितनी सुरक्षित थी? खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था कैसी थी? इन सवालों के जवाब मिलना जरूरी है।

फिलहाल राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर चेतावनी दे दी है कि मेलों और सार्वजनिक आयोजनों में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जरा सी लापरवाही भी बच्चों की सेहत पर भारी पड़ सकती है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments