20 मिनट का सफर तय करने में लग रहा एक घंटा,बारिश के बीच सड़क पर उतरे ग्रामीण; अधिकारियों के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त, काम शुरू नहीं हुआ तो नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी
तिल्दा-नेवरा।विकास के दावों के बीच सड़कों की बदहाली की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। तिल्दा-नेवरा शहर की सड़कों के साथ अब ग्रामीण इलाकों की सड़कों का हाल भी बदतर होता जा रहा है। खराब सड़क, गड्ढों और धूल-मिट्टी से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। सासाहोली से सांकरा जाने वाली सड़क की बदहाली के विरोध में भारी बारिश के बीच ग्रामीण सड़क पर उतर आए और सरोरा सरपंच के नेतृत्व में ग्राम पंचायत भवन के सामने चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन से सड़क के दोनों ओर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। अधिकारियों के जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त किया।
दरअसल, सासाहोली से सांकरा तक जाने वाली 9 किलो मीटर सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि महज 20 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे से अधिक समय लग रहा है। सड़क चौड़ीकरण और नए निर्माण के लिए करीब एक साल पहले ही ठेका दिया जा चुका है। बताया जाता है कि ठेकेदार ने शुरुआती दौर में काम भी शुरू किया था, लेकिन डामर की कीमत बढ़ने के बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। इस दौरान सड़क के कई हिस्सों में खुदाई कर उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया। इसके बाद बारिश का हवाला देकर काम टाल दिया गया, लेकिन बारिश थमने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
छह महीने पहले भी लगाई थी गुहार, नहीं हुई सुनवाई
सड़क की बदहाली को लेकर सरोरा ग्राम पंचायत की सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू ने ग्रामीणों के साथ लोक निर्माण विभाग उपसंभाग तिल्दा-नेवरा पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की थी। एसडीएम के समक्ष भी सड़क निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग रखी गई थी। उस समय अधिकारियों ने शीघ्र काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही।
इस बीच सड़क पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। गड्ढों में फंसकर दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हुए। किसी के हाथ-पैर में चोट आई तो किसी को गंभीर परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत और दुर्घटनाओं के बावजूद विभाग और ठेकेदार की उदासीनता खत्म नहीं हुई। बारिश के दौरान डामर डालने से सड़क जल्दी खराब होने की बात कहकर ग्रामीणों को शांत कराया गया था, लेकिन बारिश खत्म होने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। अब 15 दिन पहले हुई बेमौसम बारिश और पिछले दो दिनों की लगातार बारिश ने सड़क को पूरी तरह गड्ढों में तब्दील कर दिया है।
भारी बारिश में छाता लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीण आखिरकार आंदोलन के लिए मजबूर हो गए। भारी बारिश के बीच छाता लेकर महिला-पुरुष ग्रामीण सरपंच के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और ग्राम पंचायत भवन के सामने चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर तिल्दा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी, तहसीलदार ठाकुर और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
अधिकारी-ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप, नेशनल हाईवे जाम की चेतावनी
सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि जानबूझकर निर्माण कार्य में देरी की जा रही है और इसका खामियाजा आम ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण नेशनल हाईवे पर उतरकर चक्काजाम करेंगे।
वहीं सरपंच उमेश्वरी साहू ने कहा कि ठेका होने के बावजूद एक साल से सड़क निर्माण शुरू नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। क्षेत्र में संचालित कारखानों के कारण भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे सड़कें जल्दी खराब होती हैं। उन्होंने ठेकेदार को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की अनियमितता और मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसका ग्रामीण पुरजोर विरोध करेंगे।
अब सवाल यह है कि क्या अधिकारियों का यह आश्वासन धरातल पर उतरेगा या ग्रामीणों को एक बार फिर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा? एक साल से अधूरी पड़ी सड़क अब सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि विभागीय लापरवाही और जवाबदेही का बड़ा सवाल बन चुकी है।

