बहेसर में विधिक साक्षरता शिविर, डॉन योजना के जरिए नशामुक्त समाज का संकल्प
तिल्दा नेवरा।
तिल्दा-नेवरा। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से युवाओं को बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बहेसर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अधिकार मित्र श्रीमती नव्या साहू ने विद्यार्थियों को नालसा की डॉन योजना-2025 की जानकारी देते हुए नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य नशे की रोकथाम, जनजागरूकता, नशे से प्रभावित लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें उपचार और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है। विद्यार्थियों को समझाया गया कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। नशे की लत व्यक्ति की निर्णय क्षमता कमजोर करने के साथ आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का कारण बनती है।
विद्यार्थियों को गलत संगति और नशे के प्रलोभन से दूर रहने की सलाह दी गई। साथ ही कहा गया कि यदि किसी मित्र में नशे की आदत दिखाई दे तो इसकी जानकारी शिक्षकों और अभिभावकों को दें तथा जरूरतमंद व्यक्ति को उपचार के लिए प्रेरित करें।
शिविर में बताया गया कि नशे से प्रभावित व्यक्ति और उसके परिवार को परामर्श, पुनर्वास तथा पात्रतानुसार निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, यातायात नियमों, साइबर धोखाधड़ी, बाल विवाह और बाल मजदूरी से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

