वन विभाग की कार्रवाई से नाराज आरोपी ने अधिकारी से की गाली-गलौज और मारपीट, गर्दन पर आई चोट; पुलिस ने SC-ST एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में आरोपी को किया गिरफ्तार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जंगल में अवैध कटाई की जांच करना वन विभाग के एक अधिकारी को भारी पड़ गया। जांच और वीडियोग्राफी से नाराज एक ग्रामीण ने डिप्टी रेंजर के साथ सरेराह गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोपी ने न सिर्फ अधिकारी को थप्पड़ जड़ा, बल्कि उनकी वर्दी भी फाड़ दी। इस दौरान वह बेखौफ होकर कहता रहा- ‘और बनाओ वीडियो!’ घटना का वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में डिप्टी रेंजर की गर्दन पर चोट आई है। सरकारी ड्यूटी के दौरान वन अधिकारी के साथ हुई इस घटना ने विभागीय कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध कटाई की सूचना पर जांच करने पहुंचे थे डिप्टी रेंजर
जानकारी के अनुसार, घटना 24 अक्टूबर की है। डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई की सूचना मिली। सूचना पर वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान कार्रवाई के तहत फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।
जांच से नाराज आरोपी ने थप्पड़ मारा, वर्दी फाड़ी
बताया जा रहा है कि जांच पूरी कर जब डिप्टी रेंजर वापस लौट रहे थे, तभी आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) वहां पहुंच गया। उसने कार्रवाई का विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अधिकारी के साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक अपशब्द कहे। इसके बाद उनका हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की। आरोपी ने थप्पड़ मारा, जिससे अधिकारी की वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर खरोंच आई।
घटना के दौरान आरोपी का रवैया इतना आक्रामक था कि वह अधिकारी की वीडियोग्राफी को लेकर भी चुनौती देता नजर आया। बताया जा रहा है कि आरोपी का वन विभाग की जमीन पर कब्जा है और इसी वजह से वह जांच कार्रवाई का विरोध कर रहा था।
SC-ST एक्ट सहित कई धाराओं में अपराध दर्ज
घटना के बाद डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
SP के निर्देश पर हुई कार्रवाई, 16 नवंबर को आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज कुमार खिलारी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पूछताछ के आधार पर 16 नवंबर 2026 को आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी उर्फ रुदुर मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी का मामला दर्ज हो चुका है। अपराध क्रमांक 297/2026 में उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई थी।
सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं, तो कार्रवाई कैसे होगी?
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा और कानून के प्रति सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगलों में अवैध कटाई रोकना वन विभाग की जिम्मेदारी है। लेकिन यदि सरकारी ड्यूटी निभाने पहुंचे अधिकारियों को ही मारपीट और धमकी का सामना करना पड़े, तो अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना कितना मुश्किल होगा? सवाल यह भी है कि वन विभाग की जमीन पर कथित कब्जे और अवैध कटाई के मामलों में आगे क्या कार्रवाई होगी?

