Homeछत्तीसगढ़शहर के बीचोंबीच अवैध गैस सिलेंडरों का कारोबार, दुकानों में सैकड़ों सिलेंडर...

शहर के बीचोंबीच अवैध गैस सिलेंडरों का कारोबार, दुकानों में सैकड़ों सिलेंडर भंडारित दोहरी कीमत पर बिक्री और रिफिलिंग का खेल, कभी भी हो सकता है बड़ा विस्फोट

सोना गिरवी रखने पर लगता है ब्याज, तिल्दा में गैस कार्ड और राशन कार्ड गिरवी रखकर मिल रहा बिना ब्याज हजारों का कर्ज!

तिल्दा नेवरा .औद्योगिक गतिविधियों के तेजी से बढ़ते दायरे के बीच तिल्दा-नेवरा में अवैध गैस कारोबार का एक ऐसा कथित नेटवर्क संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है, जो न केवल सरकारी गैस वितरण व्यवस्था को चुनौती दे रहा है, बल्कि शहर की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। आरोप है कि शहर में आधा दर्जन से अधिक लोग अवैध रूप से गैस की रिफिलिंग कर रहे हैं। वहीं किराना, बर्तन, जनरल स्टोर सहित कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडरों की खुलेआम बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इन गतिविधियों की जानकारी खाद्य विभाग तक पहुंचने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आने के आरोप लग रहे हैं।

गैस एजेंसी से अलग दुकानों में चल रहा दूसरा कारोबार!

तिल्दा-नेवरा में एक ही अधिकृत गैस एजेंसी होने की जानकारी के बीच शहर की विभिन्न दुकानों में भरे हुए गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि कुछ दुकानदार अधिकृत वितरण व्यवस्था से अलग गैस सिलेंडरों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। उपभोक्ताओं को एक सिलेंडर 1800 से 2000 रुपये तक में बेचे जाने की बात सामने आई है। वहीं अवैध रिफिलिंग करने वाले लोग खाली सिलेंडरों में गैस भरकर लगभग दोगुनी कीमत पर बेच रहे हैं।

स्थानीय स्तर पर प्रतिदिन 200 से 300 सिलेंडरों की बिक्री और रिफिलिंग का दावा किया जा रहा है। यदि इन दावों में सच्चाई है तो यह केवल कालाबाजारी का मामला नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध कारोबार की ओर इशारा करता है।

सिंधी कैंप की एक दुकान में 200 से अधिक सिलेंडर होने का दावा

इस पूरे मामले में सबसे गंभीर जानकारी सिंधी कैंप क्षेत्र से सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि वहां एक बर्तन दुकानदार के पास 200 से अधिक गैस सिलेंडर भंडारित हैं और दुकान से ही 1800 से 2000 रुपये तक में सिलेंडर बेचे जाने का आरोप है। यदि यह जानकारी सही है तो घनी आबादी वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है।मजेदार बात तो यह है कि इस  दुकानदार के द्वरा  इस तरह से सिलेंडर खुलेआम बेचे जाते है मानो वे  शहर का अधिकृत डीलर है.कोई भी जरूरत मंद व्यक्ति  इस दुकान से दोगुनी रेट पर आसानी से अवैध रिफलिग़ किया हुआ गैस खरीद सकते हैं

सोना गिरवी रखने पर ब्याज, गैस कार्ड गिरवी रखने पर बिना ब्याज हजारों रुपये!

इस अवैध कारोबार से जुड़ी एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। एक उपभोक्ता ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि कुछ दुकानदार गरीब परिवारों के गैस कनेक्शन कार्ड और राशन कार्ड अपने पास गिरवी रखकर 3 से 4 हजार रुपये तक उधार देते हैं। खास बात यह है कि इस रकम पर कथित तौर पर कोई ब्याज नहीं लिया जाता। उपभोक्ता जब तक चाहें, कार्ड गिरवी रखकर रकम का इस्तेमाल कर सकते हैं और पैसे लौटाने के बाद अपना कार्ड वापस ले सकते हैं।

बताया गया कि कार्ड गिरवी रखते समय दुकानदार उपभोक्ता का मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की छायाप्रति भी अपने पास रख लेते हैं। जब गैस भरवाने या बुकिंग कराने की तारीख आती है तो संबंधित व्यक्ति को फोन कर बुकिंग कराने के लिए कहा जाता है। कई मामलों में गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए दुकानदार का पता, दुकान या आसपास का पता दिए जाने की बात भी सामने आई है।

यह व्यवस्था केवल गैस की कालाबाजारी का संदेह ही नहीं पैदा करती, बल्कि गरीब उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन और राशन कार्ड के दुरुपयोग की आशंका भी खड़ी करती है।

कारखानों में काम करने वाले मजदूर बने अवैध कारोबार के ग्राहक!

तिल्दा क्षेत्र में अनेक औद्योगिक इकाइयां और कारखाने संचालित हैं। इनमें हजारों की संख्या में दूसरे क्षेत्रों से आए मजदूर काम करते हैं। बताया जाता है कि इनमें से कई मजदूरों के पास खाली गैस सिलेंडर तो हैं, लेकिन उनके नाम से अधिकृत गैस कनेक्शन नहीं है। ऐसे में उन्हें घरेलू जरूरतों के लिए गैस की आवश्यकता पड़ती है और वे अधिक कीमत चुकाकर अवैध रिफिलिंग कराने को मजबूर होते हैं।

इसी मांग का फायदा उठाकर कुछ लोग छोटे और बड़े सिलेंडरों में गैस भरकर बेचने का कारोबार कर रहे हैं। आरोप है कि 5 किलो के छोटे सिलेंडरों से लेकर 20 किलो के बड़े सिलेंडरों तक में गैस भरकर आसपास के कारखानों, होटलों और शादी-विवाह के आयोजनों में सप्लाई की जाती है।

तिल्दा स्टेशन से गुरु नानक चौक तक दुकानों में सिलेंडरों की बिक्री!

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार तिल्दा रेलवे स्टेशन से गुरु नानक चौक के बीच कई दुकानों में भरे हुए गैस सिलेंडर रखकर खुलेआम बिक्री किए जाते है। शहर की गलियों और मोहल्लों में संचालित किराना, बर्तन और जनरल स्टोरों में भी कथित तौर पर ब्लैक में सिलेंडर उपलब्ध हो जाते हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडर दुकानों तक कैसे पहुंच रहे हैं? इनकी खरीद कहां से हो रही है? क्या इन सिलेंडरों का कोई रिकॉर्ड रखा जाता है? और क्या संबंधित दुकानदारों के पास भंडारण तथा बिक्री की अनुमति है?

पहले भी हो चुका है रिफिलिंग के दौरान विस्फोट, तीन मजदूर हुए थे घायल!

तिल्दा में अवैध गैस रिफिलिंग का खतरा कोई नई आशंका नहीं है। पूर्व में गैंडा और भालू नाम से चर्चित एक व्यक्ति द्वारा गैस रिफिलिंग किए जाने के दौरान बड़ा विस्फोट होने की जानकारी सामने आई थी। इस घटना में तीन मजदूर घायल हुए थे। बताया जाता है कि उस घटना के बाद संबंधित व्यक्ति ने रिफिलिंग का काम बंद कर दिया था। अब आरोप है कि इसी तरह का कारोबार दूसरे लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा है।

ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में बैठा है? घनी आबादी वाले शहर में यदि किसी दुकान या रिफिलिंग स्थल पर आग लगती है अथवा सिलेंडर फटता है तो इसकी चपेट में आसपास की दुकानें, मकान और राहगीर भी आ सकते हैं।

खाद्य विभाग को जानकारी नहीं या कार्रवाई से बच रहा विभाग?

इस पूरे मामले में खाद्य विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में अवैध गैस रिफिलिंग और सिलेंडरों की बिक्री का कारोबार लंबे समय से चल रहा है, लेकिन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। जब क्षेत्र के खाद्य निरीक्षक से शिकायत की जाती है तो उनका जवाब होता है कि इसके पहले उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है और अब मामले की जांच की जाएगी।

सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग को इन गतिविधियों की जानकारी मिलेगी? क्या विभाग ने कभी दुकानों में गैस सिलेंडरों के भंडारण, खरीद-बिक्री और रिफिलिंग की जांच की है? यदि नहीं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments