तिल्दा-नेवरा- नगर पालिका तिल्दा-नेवरा के वार्ड क्रमांक 5 में करीब 8 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा ,वार्ड पार्षद राजेश कोटवानी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर पालिका पार्षद भाजपा एव कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा ने कहा कि वार्ड भले ही कांग्रेस के पार्षद का हो, लेकिन विकास के मामले में उनके लिए सभी वार्ड समान हैं। नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य करने वाला ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण सड़क और मजबूत नाली का निर्माण करेगा, ताकि लंबे समय तक वार्डवासियों को इसका लाभ मिल सके।
वार्ड पार्षद राजेश कोटवानी ने बताया कि प्रताप डेली नीड्स से लेकर मुकेश ट्रेडर्स तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण का टेंडर करीब चार माह पहले ही हो चुका था। अब भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो और वार्डवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
पार्षद कोटवानी ने वार्ड की अन्य समस्याओं की ओर भी नगर पालिका अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वार्ड में अभी कई विकास कार्यों की आवश्यकता है। उन्होंने अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा से इन समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चंद्रकला वर्मा नगर पालिका अध्यक्ष बनने से पहले इसी वार्ड से भारी मतों से पार्षद निर्वाचित होकर पांच वर्षों तक वार्डवासियों की सेवा कर चुकी हैं, इसलिए उन्हें वार्ड की समस्याओं और आवश्यकताओं की अच्छी जानकारी है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राम पंजवानी, भाजपा नेता चंद्र कुमार पाटिल, लख्मीचंद नागवानी, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, वार्ड एल्डरमैन अनिल वर्मा, मनोज कुमार, कमल महान, कांग्रेस नेता राजेश जेठवानी, एल्डरमैन सुरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

