रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल से बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जेल परिसर स्थित मंगोड़ी सेंटर से गांजा, नशीली गोलियां, तंबाकू और गुटखा बरामद किया गया है। इसके साथ ही करीब 70 से 72 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक यह बरामदगी मंगोड़ी सेंटर संचालक राजेश वर्मा से हुई है। राजेश वर्मा जेल प्रहरी के पद पर पदस्थ बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंगोड़ी सेंटर पिछले तीन दिनों से बंद है।
पहले भी जेल के अंदर नशीला पदार्थ सप्लाई करने का आरोप?
सूत्रों के अनुसार राजेश वर्मा पर पहले भी जेल के अंदर नशीले पदार्थ की सप्लाई किए जाने के आरोप लग चुके हैं। बताया जा रहा है कि मामले में उन्हें सिर्फ नोटिस जारी किया गया था और आगे कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई।
अब मंगोड़ी सेंटर से कथित तौर पर गांजा, नशीली गोलियां, मोबाइल और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में जेल विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बरामद सामग्री, उसकी मात्रा और राजेश वर्मा की भूमिका को लेकर स्थिति विभागीय जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

