स्कूल परिसर में भी दिन-रात शराबखोरी की शिकायत, पुलिस पेट्रोलिग पर उठे सवाल,खुलेआम शराबखोरी से लोगों में नाराजगी,
तिल्दा नेवरा-शहर में शराब बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद शहर के बीचों-बीच स्थित कुछ स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी और नशे के सेवन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुर्गा बाड़ा तथा आदर्श हेमू कलानी स्कूल परिसर नशेड़ियों के लिए कथित तौर पर ‘सेफ जोन’ बन गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्गा बाड़ा के दोनों प्रवेश द्वारों पर ताले लगे रहते हैं, लेकिन नशे के आदी लोग कथित तौर पर तालों को तोड़कर परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और अंदर बैठकर शराब व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। लोगों का कहना है कि यह स्थान आस्था से जुड़ा होने के बावजूद यहां ऐसी गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं।
स्कूल परिसर में भी शराबखोरी की शिकायत
दुर्गा बाड़ा से लगे आंगनबाड़ी और आदर्श हेमू कलानी स्कूल परिसर को लेकर भी स्थानीय लोगों ने शराबखोरी की शिकायत की है। लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड बनने और स्कूल बंद रहने के दौरान लोग दिन-रात यहां बैठकर शराब पीते दिखाई देते हैं। शेड होने के कारण बारिश और मौसम की खराबी के दौरान भी उन्हें बैठने में परेशानी नहीं होती।
स्थानीय लोगों का दावा है कि स्कूल की बाउंड्री वॉल से जुड़े दरवाजे का ताला तोड़कर भी लोग परिसर में प्रवेश करते हैं। इससे स्कूल परिसर की सुरक्षा और आसपास के बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
लोगों का कहना है कि पुलिस द्वारा शहर के दूरदराज या सुनसान स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, लेकिन शहर के बीच स्थित इन स्थानों पर कथित शराबखोरी के बावजूद नियमित निगरानी नजर नहीं आती। स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में पुलिस से कई बार शिकायत भी की जा चुकी है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दुर्गा बाड़ा और स्कूल परिसर में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, टूटे तालों और प्रवेश द्वारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा सार्वजनिक स्थान पर नशा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल स्थानीय लोगों की शिकायतों के चलते दुर्गा बाड़ा और आदर्श हेमू कलानी स्कूल परिसर में कथित नशाखोरी का मुद्दा चर्चा में है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन स्थानों पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर क्या कदम उठाता है।
दुर्गा बाडा और हेमू कलानी स्कूल परिसर व आसपास लग रहे शराबियों के जमवानडे की जानकारी पुलिस को किसी ने आज तक नहीं दी है. यदि वऐसे स्थलों पर खुलेआम शराबखोरी की जा रही तो पुलिस के द्वारा उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
डीएसपी. वीरेंद्र चतुर्वेदी.

