तिल्दा-नेवरा=भाद्रपद शुक्ल अष्टमी के अवसर पर शनिवार 19 सितंबर को राधा अष्टमी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। राधा रानी के प्राकट्योत्सव को लेकर शहर के कृष्ण एवं राधा-कृष्ण मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, झांकी, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। उदय तिथि के अनुसार वैष्णव एवं सनातन धर्मावलंबी राधा अष्टमी का व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अनुष्ठान करेंगे।
नेवरा स्थित कृष्ण मंदिर में राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा की जाएगी। पूजा एवं आरती के बाद श्रद्धालुओं को 56 भोग का प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर में राधा रानी के प्राकट्योत्सव को लेकर विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे।
इसी तरह स्टेशन रोड स्थित केसरवानी मोहल्ले के श्री राधा-कृष्ण मंदिर में राधा अष्टमी पर विशेष उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद राधा रानी की महाआरती तथा पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। धार्मिक आयोजन के बाद मंदिर के पट पूरे दिन श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुले रहेंगे।
वहीं झूलेलाल मंदिर परिसर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी राधा अष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालु राधा रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे

