महंत बोले- कांग्रेस के 35 विधायक संख्या नहीं, एक-एक टाइगर; बघेल ने कस्टोडियल डेथ और स्मार्ट मीटर को लेकर साधा निशाना
बिलासपुर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस में टूट-फूट के सवाल पर डॉ. महंत ने पार्टी को पूरी तरह एकजुट बताते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता और विधायक मिलकर संगठन को मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस के 35 विधायक महज संख्या नहीं, बल्कि एक-एक टाइगर हैं।
डॉ. महंत ने भाजपा में अंदरूनी खींचतान का दावा करते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच तालमेल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को मंत्रियों के काम की जानकारी नहीं है और मंत्रियों को मुख्यमंत्री के काम का पता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस विधायक जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा में मजबूती से आवाज उठाएंगे।
स्मार्ट मीटर पर चार से पांच गुना बिल का आरोप
स्मार्ट मीटर को लेकर डॉ. महंत ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से चार से पांच गुना तक बढ़े बिजली बिल की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस दिए जाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया।
महंत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू की गई योजनाओं और दी गई गारंटियों को अब केंद्र की मोदी सरकार अपने नाम से गारंटी के रूप में पेश कर रही है।
कस्टोडियल डेथ पर बघेल का हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जांजगीर-चांपा में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले को लेकर सरकार के गृह विभाग को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह विभाग की लापरवाही के कारण प्रदेश में कस्टोडियल डेथ के मामले बढ़ रहे हैं। बघेल ने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री से कुछ नहीं संभल रहा है।
उन्होंने प्रदेश की खराब सड़कों, नल-जल योजना और आवास योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। बघेल ने महंगाई, गैस के दाम और बढ़े बिजली बिल को लेकर कहा कि इन सबका बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।
ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
बिलासपुर में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों को संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शिविर में शामिल हुए।
बघेल ने बताया कि इससे पहले प्रदेश के जिला अध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए थे। दुर्ग संभाग के बाद अब बिलासपुर संभाग में ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। शिविर में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण के साथ सवाल-जवाब का सत्र भी रखा गया है।

