भंडारा/रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आधी रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन छोटे बच्चों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। हादसा लखनी तालुका के पिंपलगांव रोड स्थित भाऊ ढाबा के पास हुआ, जहां ट्रक और पिकअप वैन की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से करीब 19 लोग पोला उत्सव में शामिल होने के लिए पिकअप वाहन से नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान पिंपलगांव रोड पर पिकअप की ट्रक क्रमांक UP 72 BT 7974 से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए।
हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों और घायलों में अधिकांश लोग छत्तीसगढ़ के कवर्धा और आसपास के इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मृतकों में तीन मासूम भी शामिल
मृतकों में जंबाई रामावतार वर्मा (50), मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (26), धैर्य रूपेश उइके (4), स्वीटी रूपेश उइके (6), गायत्री रूपेश उइके (30), गणेशिया अरावत पटेल (22) और सरिता विजय वर्मा (30) के नाम सामने आए हैं। मृतकों के पते में लोहारा, चिचोला (खैरागढ़) और बांधटोला (कवर्धा) शामिल हैं।दो की पहचान नही हो पाई है
घायलों का अस्पताल में इलाज
घायलों में गुलशन रमेश वर्मा (22), ललिता योगेश पाटले (26), तन्मय योगेश पटले (4), डॉली अरावत पटेल (4), सुखीयारी पटेल (20), राजकुमारी पटेल (57), रमैया पटेल (30), दरिया पटेल (7), सुभाष विजय वर्मा (5), रितेश विजय वर्मा (3) और मेधा राजकुमार वर्मा (3) के नाम बताए गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए भंडारा जिला अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद पिकअप चालक फरार
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गाडेगांव स्थित राजमार्ग पुलिस सहायता केंद्र के प्रमुख रविंद्र रेवतकर टीम और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है

