रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मोतीबाग के पास बैंक कर्मियों ने एकजुट होकर 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के देशव्यापी हड़ताल के आह्वान के तहत किया जा रहा है।
बैंक कर्मचारी लंबे समय से सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग और शनिवार-रविवार साप्ताहिक अवकाश की मांग कर रहे हैं। यूनियनों का कहना है कि मार्च 2024 के द्विपक्षीय समझौते में 5-डे बैंकिंग को लेकर सहमति बन चुकी है, लेकिन इसे लागू करने की मंजूरी अब तक नहीं मिली है। कर्मचारियों का कहना है कि सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन अतिरिक्त समय देकर काम करने का प्रस्ताव भी रखा गया था।
ये हैं बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था तत्काल लागू की जाए।
एकतरफा लागू की गई Performance Linked Incentive (PLI) योजना वापस ली जाए या यूनियनों से चर्चा कर इसमें संशोधन किया जाए।
बैंकिंग क्षेत्र में क्लर्क और सब-स्टाफ के रिक्त पदों पर पर्याप्त भर्ती की जाए।
NPS को पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) में बदलने की मांग।
बैंक द्वारा NPS में किए जाने वाले अतिरिक्त 4 प्रतिशत योगदान पर आयकर छूट की मांग।
ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ाने की मांग।
कर्मचारियों और पेंशनरों की पेंशन अपडेट करने तथा समान DA (महंगाई भत्ता) व्यवस्था लागू करने की मांग।
नवंबर 2022 से पहले रिटायर हुए पेंशनरों के एक्स-ग्रेशिया में संशोधन और निजी बैंकों के पेंशनरों तक इसका विस्तार।
बैंकों में वर्कमैन और ऑफिसर डायरेक्टर के रिक्त पद भरने की मांग।
Leave Bank व्यवस्था लागू करने की मांग।
रिटायर्ड कर्मचारियों की मेडिकल इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम बैंक द्वारा वहन करने की मांग।
आगे भी बढ़ सकता है आंदोलन
यूनियनों ने मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल और मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया गया है।
ग्राहकों पर असर: हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कैश लेनदेन, चेक, पासबुक, लोन और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं ATM, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है।

