परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप; पुलिस बोली- मिर्गी का दौरा पड़ने से बिगड़ी तबीयत
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी में 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है। मौत के बाद
आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव कर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, चांपा थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर शिव सहिस को उसके घर से हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि उसके पास से 20 लीटर देशी शराब मिलने के मामले में कार्रवाई की गई थी। परिजनों का आरोप है कि थाने में युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 10 बजे थाने में शिव की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद उसे बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का दावा- मिर्गी का दौरा पड़ा
युवक की मौत के बाद परिजन पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी मौत हुई।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाने के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है।
अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच से ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

