Homeछत्तीसगढ़मूंछ पर ताव और गला काटने के इशारे पर युवक की पीट-पीटकर...

मूंछ पर ताव और गला काटने के इशारे पर युवक की पीट-पीटकर हत्या

पुरानी रंजिश में पिता-पुत्र ने लोहे की पाइप से किया हमला, शरीर में मिले 20 से ज्यादा फ्रैक्चर

बलोद। छत्तीसगढ़ के बलोद जिले में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में मूंछ पर ताव देने और गला काटने का इशारा करने को लेकर भड़के विवाद में पिता-पुत्र ने 30 वर्षीय हितेश सिन्हा की लोहे की पाइप से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की रायपुर में इलाज के दौरान करीब 18 घंटे बाद मौत हो गई। पोस्टमार्टम में उसके शरीर में 20 से अधिक फ्रैक्चर पाए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक हितेश सिन्हा और गांव के ही हीरामन सिन्हा के परिवार के बीच वर्ष 2022 से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें और एफआईआर दर्ज कराई थीं। इसी पुरानी रंजिश के चलते 28 जुलाई की शाम विवाद हिंसक हो गया।

बताया गया कि हितेश अपने रिश्तेदार गौरव सिन्हा और प्रकाश निषाद के साथ बाइक से अर्जुन्दा जा रहा था। ग्राम खैरा के तालाब के पास हीरामन सिन्हा और उसका बेटा कामेन्द्र सिन्हा बाइक से पहुंचे और कथित रूप से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तीनों के सड़क पर गिरते ही पिता-पुत्र ने लोहे की पाइप से हमला कर दिया। आरोप है कि उन्होंने हितेश के हाथ-पैर पर लगातार वार किए और करीब 20 मिनट तक बेरहमी से पीटते रहे। गंभीर रूप से घायल हितेश को पहले देवरी अस्पताल और बाद में रायपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से पहले हितेश ने कथित तौर पर मूंछ पर ताव दिया और गले पर हाथ फेरकर धमकी देने का इशारा किया था। इसी बात से गुस्साए पिता-पुत्र ने हमला किया। आरोपियों ने खेत में फसल को नुकसान पहुंचाने को लेकर भी पुराना विवाद होने की बात कही है।

देवरी थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन घायल की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई। आरोपी हीरामन सिन्हा और उसके बेटे कामेन्द्र सिन्हा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments