तिल्दा नेवरा –समीपस्थ ग्राम सड्डू में युवा शक्ति संगठन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से मुक्ति धाम परिसर में वृक्षारोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा के लिए संगठन के सदस्यों के आर्थिक सहयोग से लोहे के ट्री गार्ड भी लगाए गए। साथ ही पौधों की नियमित सिंचाई और संरक्षण की जिम्मेदारी संगठन की पर्यावरण समिति को सौंपी गई।
करीब 35 युवाओं से मिलकर बने युवा शक्ति संगठन का उद्देश्य “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के सिद्धांत पर समाज और गांव के विकास के लिए रचनात्मक कार्य करना है।

संगठन के अध्यक्ष लोकनाथ साहू ने बताया कि संगठन गांव के विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देता है। वहीं संरक्षक नरेंद्र यादव ने कहा कि संगठन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और गांव की बुनियादी आवश्यकताओं एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है।
सलाहकार धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि संगठन पारदर्शिता के साथ स्वच्छ एवं विकसित गांव के निर्माण के लिए कार्यरत है। संगठन गांव में किसी परिवार में मृत्यु होने पर आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराता है।

संगठन द्वारा समय-समय पर मातर महोत्सव, हिंदू नववर्ष, भगवान जगन्नाथ रथयात्रा, पर्यावरण संरक्षण अभियान सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। रथयात्रा के दौरान शोभायात्रा निकालकर श्रद्धालुओं के बीच गजामूंग प्रसाद का वितरण भी किया गया।
युवा शक्ति संगठन ने शिक्षा समिति, पर्यावरण समिति और सांस्कृतिक समिति का गठन कर सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन के सचिव सुरेंद्र साहू कार्ययोजनाओं के संचालन और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

