Homeछत्तीसगढ़सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की चर्चित बड़ी खबरे

सुपर फास्ट:छत्तीसगढ़ के साथ देश की चर्चित बड़ी खबरे

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज महाप्रभु जगन्नाथ की जयघोष से गूंजयमान होगी। रायपुर में जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में महाप्रभु की भव्य रथयात्रा निकलेगी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और सीएम विष्णुदेव साय रथ के सामने सोने की झाड़ू से ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभायेंगे। यह परंपरा राजा से लेकर आम लोगों के लिये सेवा, समर्पण और विनम्रता का संदेश देती है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों द्वारा भजन-कीर्तन, आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां, पारंपरिक लोकनृत्य एवं “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर एवं शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

जय जगन्नाथ से गूंजेगा रायपुर, आज  निकलेगी रथयात्रा

राजनांदगांव जिले के बोरतलाव जलाशय से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जलाशय में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है।राजनांदगांव के बोरतलाव जलाशय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तीन बच्चे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव जलाशय से बाहर निकाले गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

बोरतलाव जलाशय में दर्दनाक हादसा, डूबने से 3 मासूमों की मौत

रायपुर में नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने राज्यपाल से प्रभावित ग्रामीणों को मिलने का समय नहीं मिलने पर निराशा जताई। वहीं उन्होंने विधानसभा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के बयान पर भी सवाल उठाए।पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि नकटी गांव के प्रभावित ग्रामीणों को राज्यपाल से मिलने का समय नहीं दिया जाना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्यपाल से ऐसी उम्मीद नहीं थी। अकबर ने विधानसभा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा द्वारा बुलडोजर कार्रवाई को संवैधानिक बताए जाने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि संविधान किसी की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने का अधिकार नहीं देता, बल्कि नागरिकों को संपत्ति रखने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने सरकार से प्रभावित ग्रामीणों को न्याय देने की मांग की।

नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर सियासत, अकबर ने सरकार को घेरा

महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी कारोबारी विकास गर्ग को रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। 14 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली से उसे गिरफ्तार किया था। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने विकास गर्ग को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ED को सौंपा। स्पेशल कोर्ट ने विकास को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा है।ED अब विकास गर्ग से महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी। बता दें कि पिछले दिनों ED ने विकास गर्ग की 940 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की थी।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विकास गर्ग भाजपा दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन और पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के बेटे हैं। विकास गर्ग को 1200 करोड़ से ज्यादा के लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

भूपेश बोले- महादेव ऐप भाजपा का ‘सट्टा विंग

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को राजमार्ग पर टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार नाबालिग भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक राजमार्ग जाम रखा। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे बांगो थाना क्षेत्र के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड पर हुआ।जानकारी अनुसार 12 वर्षीय एक लड़का,अपनी 13 वर्षीय बहन और एक अन्य 13 वर्षीय लड़का स्कूटर पर सवार थे, तभी एक टैंकर ने कथित तौर पर उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मारकर  कुचल दिया। इस हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई .

कोरबा में टैंकर स्कूटर को टक्कर मारी भाई-बहन की मौत

बिहार के कटिहार रेल मंडल पुलिस ने चलती ट्रेन में ग्रेड-1 टेक्नीशियन देव कुमार गुंजन की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि मृतक की पत्नी स्मिता कुमारी ही हत्या की कथित साजिशकर्ता निकली. पुलिस का कहना है कि सुपौल में मोटर वाहननिरीक्षक (MVI) के पद पर तैनात स्मिता कुमारी ने अपने प्रेमी अजीत कुमार के साथ मिलकर 4 लाख रुपये की सुपारी देकर कॉन्ट्रैक्ट किलर से अपने पति की हत्या कराई. इस मामले में पत्नी, प्रेमी और शूटर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

चलती ट्रेन में हत्या, पत्नी-प्रेमी की खौफनाक साजिश बेनकाब

भिलाई में दिवालिया घोषित हो चुके जेपी सीमेंट प्लांट के सुपरवाइजर ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पुष्पेंद्र परमार (35) के रूप में हुई है।पुष्पेंद्र मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना के रहने वाले थे और वर्तमान में भिलाई के राधिका नगर में परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि सुपरवाइजर को 27-28 महीनों से वेतन नहीं मिला था।वहीं, पत्नी का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से 3 क्रेडिट कार्ड से 10 लाख रुपए से ज्यादा को लोन दिया था। इस घटना के बाद प्लांट के कर्मचारियों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुष्पेंद्र परमार जेपी सीमेंट प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे।

दिवालिया घोषित JP सीमेंट प्लांट के सुपरवाइजर ने लगाई फांसी:

कांकेर शहर में बुधवार  को एक नशे में धुत कार चालक ने जमकर आतंक मचाया। तेज रफ्तार कार चलाते हुए उसने नए बस स्टैंड से सिंगारभाट तक बाइक, ई-रिक्शा और कार समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान करीब पांच लोग उसकी लापरवाही का शिकार हुए। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने कार चालक का पीछा कर उसे सिंगारभाट के पास पकड़ लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शराबी कार चालक का शहर में तांडव, 5 वाहन चपेट में

बीजापुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। पहला शव महादेव तालाब के पास एक नवजात का मिला, जबकि दूसरा शव जिला अस्पताल के डॉक्टर क्वार्टर परिसर में एक युवक का बरामद हुआ।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा और युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

बीजापुर में दो जगह शव मिलने से सनसनी, जांच शुरू

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments