Homeछत्तीसगढ़एक लाख पौधों से हरियाली की नई इबारत लिखेगा तिल्दा, सांसद लक्ष्मी...

एक लाख पौधों से हरियाली की नई इबारत लिखेगा तिल्दा, सांसद लक्ष्मी वर्मा ने किया महाअभियान का शुभारंभ

31 जुलाई तक 102 ग्राम पंचायतों में होगा एक लाख पौधों का रोपण, संरक्षण का भी लिया संकल्प

तिल्दा नेवरा,पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत तिल्दा द्वारा बुधवार से एक लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। पूरे जुलाई माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत तिल्दा विकासखंड की 102 ग्राम पंचायतों में एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत तुलसी नेवरा के गोठान में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने पौधारोपण कर किया।कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ,जिला पंचायत सभापति स्वाती वर्मा ,शैल महेंद्र साहू .तिल्दा जनपद अध्यक्ष  टिकेश्वर सोनू मनहरे.नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रकला वर्मा ,भाजपा नेता दीपक शर्मा ने भी पौधा लगया,

इस अवसर पर सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि “पेड़ केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। आज जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरण संकट से जूझ रही है, तब प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक पूरी जिम्मेदारी से संरक्षित करे।”उन्होंने कहा कि “सिर्फ पौधा लगाकर फोटो खिंचवा लेना पर्याप्त नहीं है। असली सेवा तब है, जब हम उस पौधे को नियमित पानी दें, उसकी सुरक्षा करें और उसे जीवित रखें। यदि हर परिवार एक पौधे को अपना सदस्य मानकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाले वर्षों में हमारा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो जाएगा।”

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल पौधारोपण नहीं बल्कि मां और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने सभी ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और स्कूली बच्चों से इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि “हर पौधा जीवन है, हर वृक्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य विरासत है।”

सांसद लक्ष्मी वर्मा ने जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और जनता मिलकर ऐसे अभियान चलाते रहें तो तिल्दा विकासखंड प्रदेश में हरित विकास का आदर्श बन सकता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण पर विशेष बल दिया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे ने कहा कि “हमने तिल्दा विकासखंड को हराभरा बनाने का संकल्प लिया है। जब तक एक लाख पौधे नहीं लग जाते और उनके संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक समृद्ध और हरित तिल्दा तैयार करना है।”

कार्यक्रम के प्रारंभ में सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। जनपद पंचायत की ओर से अध्यक्ष टिकेश्वर सोनू मनहरे ने सांसद का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया तथा उनके आगमन पर आभार व्यक्त किया।

इस अवसर परउपसरपंच मनीष वर्मा, नरसिंग वर्मा, रश्मि वर्मा, युवराज शर्मा, मनीष शर्मा, खरोरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अनिल सोनी, जनपद सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments