Homeछत्तीसगढ़थाना घेराव के आगे झुकी पुलिस! अल्दा के पूर्व सरपंच-सचिव पर FIR,:भूपेश...

थाना घेराव के आगे झुकी पुलिस! अल्दा के पूर्व सरपंच-सचिव पर FIR,:भूपेश बघेल ने दी चेतावनी—देवरी में FIR नहीं हुई तो फिर होगा बड़ा आंदोलन

इंदर कोटवानी –

तिल्दा-नेवरा में सोमवार को कांग्रेस और ग्रामीणों के आंदोलन का असर आखिरकार दिख ही गया। करीब एक साल से लंबित कथित फर्जी एनओसी मामले में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी और ग्राम अल्दा के तत्कालीन सरपंच एवं सचिव के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में हजारों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना घेराव किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। हालांकि देवरी ग्राम पंचायत के मामले में पुलिस ने जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए सात दिन का समय मांगा है। भूपेश बघेल ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर से उसी स्थान पर लौटेगा।

तिल्दा विकासखंड के ग्राम अल्दा और देवरी में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर विवाद लंबे समय से चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत रिकॉर्ड में कथित कूटरचना कर उद्योगों के पक्ष में अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसी आरोप को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण जनसुनवाई का विरोध कर चुके हैं और पिछले एक वर्ष से सरपंच-सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे।

कार्रवाई नहीं होने से नाराज कांग्रेस ने ग्रामीणों के समर्थन में सोमवार को तिल्दा थाना घेराव का ऐलान किया था। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शामिल होने की घोषणा के बाद सुबह से ही दोनों गांवों से हजारों ग्रामीण, महिलाएं और कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने लगे। दोपहर करीब 12 बजे बजरंग बली मंदिर से विशाल रैली निकली और नारेबाजी करते हुए तिल्दा थाना पहुंची।

थाने के बाहर भूपेश बघेल ने प्रशासन को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि यदि कथित कूटरचना करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। करीब चार घंटे तक थाने के बाहर धरना जारी रहा और ग्रामीण लगातार नारेबाजी करते रहे।

धरने के दौरान सीएसपी वीरेंद्र शर्मा और थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा करने पहुंचे। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शर्मा को पूरे मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद पुलिस ने बताया कि अल्दा ग्राम पंचायत की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और तत्कालीन सरपंच एवं सचिव के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया जा रहा है।

वहीं देवरी ग्राम पंचायत की जांच रिपोर्ट अभी लंबित होने की बात कहते हुए पुलिस ने कुछ  दिन का समय मांगा। इस आश्वासन के बाद भूपेश बघेल ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की, लेकिन साथ ही प्रशासन को अंतिम चेतावनी भी दे दी। उन्होंने कहा देवरी में FIR नहीं हुई तो फिर बड़ा आंदोलन होगा ,

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी, भाटापारा विधायक इंद्र साव ,पूर्व विधायक जनकराम वर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उधोराम वर्मा, विनोद तिवारी .भावेश बघेल .देवव्रत नायक .सुशील शर्मा मोती हिदुन्जा .बसंत आडिल, नीरज राठी ,ओम ठाकुर ,लक्ष्मी नारायण वर्मा शहर अध्यक्ष अजितेश शर्मा अश्वनी वर्मा .बलदाऊ साहू,.बसंत आडिल ,के कृष्णमूर्ति.,नानक छाबडिया ,मनोहर गेहानी ,विजय हरिरामानी.कैलाश गाँधी नविन अग्रवाल,जितेन्द्र,सेन, सें सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आंदोलन समाप्त होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शर्मा ने अल्दा मामले में अपराध दर्ज किए जाने की पुष्टि की।

वर्जन

ग्राम पंचायत अल्दा के मामले में FIR दर्ज किया गया है .वहां सचिन के द्वारा पंचायत रजिस्टर में कूट रचना किए जाने की शिकायत पुलिस की गई थी, प्रारंभिक तौर पर जो जाँच रिपोर्ट प्राप्त हुई है मामला सही पाया गया है .इस आधार पर बीएनएस की धारा 318-4 के तहत  एफआईआर दर्ज किया गया है ,मामले की जांच की जाएगी फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी, इसी तरह देवरी के मामले की भी जांच की जा रही है जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी आज ग्रामीणों के द्वारा शांतिपूर्वक आंदोलन किया गया इसीलिए उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

प्रशांत शुक्ला एडिशनल एसपी रायपुर ग्रामीण

तिल्दा का यह आंदोलन सिर्फ एक एफआईआर की लड़ाई नहीं था, बल्कि ग्रामीणों के उस गुस्से का प्रद4र्शन था जो पिछले एक साल से कार्रवाई का इंतजार कर रहा था। फिलहाल अल्दा में मामला दर्ज होने के बाद आंदोलन थम गया है, लेकिन देवरी पर प्रशासन को सात दिन की मोहलत मिली है। अब सबकी नजर इसी बात पर टिकी है कि पुलिस का अगला कदम क्या होगा, क्योंकि कांग्रेस साफ कर चुकी है—अगर देवरी में एफआईआर नहीं हुई, तो आंदोलन की चिंगारी फिर से भड़क सकती है।..

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments