Homeछत्तीसगढ़स्वच्छ और विकसित तिल्दा-नेवरा के लिए नागरिक आगे आएं : सीएमओ

स्वच्छ और विकसित तिल्दा-नेवरा के लिए नागरिक आगे आएं : सीएमओ

साइकिल से वार्डों का निरीक्षण कर रहे मुख्य नगर पालिका अधिकारी, अवैध कनेक्शन और गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने नगरवासियों से स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित तिल्दा-नेवरा के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है।

सीएमओ ने बताया कि नगर पालिका द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है और स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन घरों से कचरा एकत्र कर रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोग घरेलू कचरा, प्लास्टिक, डिस्पोजल सामग्री एवं निर्माण मलबा नालियों और सड़कों पर फेंक रहे हैं, जिससे नालियां जाम हो रही हैं और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। यही स्थिति मच्छरों और विभिन्न बीमारियों के फैलाव का कारण बनती है।

उन्होंने कहा कि अक्सर शहर में फैली गंदगी के लिए नगर पालिका को दोषी ठहराया जाता है, जबकि कचरा नागरिकों द्वारा ही सार्वजनिक स्थानों पर फेंका जाता है। यदि सभी लोग कचरा केवल नगर पालिका के संग्रहण वाहन को दें और नालियों-सड़कों में कचरा डालने से बचें, तो शहर स्वतः स्वच्छ और सुंदर बन सकता है।

सीएमओ ने बताया कि हाल ही में समाचार पत्रों में प्रकाशित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वे प्रतिदिन सुबह अपनी स्पोर्ट्स साइकिल से विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जहां भी नालियां अवरुद्ध या सड़कों पर निर्माण सामग्री एवं मलबा डंप पाया जा रहा है, वहां तत्काल सफाई और हटाने की कार्रवाई कराई जा रही है।

नगर के प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो प्रतिदिन क्षेत्र का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अवैध निर्माण, अवैध नल कनेक्शन और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा कर रहे हैं। निरीक्षण रिपोर्ट प्रतिदिन सीएमओ को सौंपी जा रही है तथा कार्यवाही के फोटो व्हाट्सएप समूह में साझा किए जा रहे हैं।

सीएमओ ने जानकारी दी कि पिछले एक माह के दौरान सड़क पर मलबा डालने, नालियां जाम करने तथा बिना अनुमति निर्माण कार्य करने वाले लगभग 100 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं नगर में करीब 950 अवैध जल कनेक्शनों की पहचान की गई है। इन कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और 1 जून से विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जाएगा। नागरिकों से अपने कनेक्शन नियमित कराने की अपील की गई है।

संपत्ति कर संबंधी शिकायतों पर उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों को कर निर्धारण में आपत्ति है, वे नगर पालिका कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें। सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। गलत जानकारी देकर कम कर निर्धारण कराने वाले मामलों में जांच के बाद संबंधितों से पांच गुना अधिभार वसूला जाएगा।

सीएमओ ने बताया कि वार्ड भ्रमण के दौरान नागरिकों से सीधे संवाद कर सुझाव लिए जा रहे हैं। जल्द ही “नुक्कड़ पर चर्चा” अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके माध्यम से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के साथ मिलकर वार्डवार विकास एवं सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

अंत में उन्होंने नागरिकों से शहर को अपना घर समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा और निर्माण सामग्री नहीं फैलाने तथा नगर पालिका के विकास एवं स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments