तिल्दा नेवरा -नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा ने नगर क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों के नियमन एवं सुव्यवस्थित संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर की प्रथम व्यापार अनुज्ञप्ति (ट्रेड लाइसेंस) HDFC बैंक को जारी की है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बैंक प्रबंधन को विधिवत व्यापार अनुज्ञप्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि व्यापार अनुज्ञप्ति व्यवस्था का उद्देश्य नगर क्षेत्र में संचालित सभी व्यवसायों का विधिवत पंजीयन एवं नियमन सुनिश्चित करना है। इससे व्यवसायों की वैधानिक पहचान स्थापित होगी तथा नागरिक सुविधाओं, सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी मानकों के प्रभावी पालन में सहायता मिलेगी। साथ ही नगर प्रशासन को भी आवश्यक व्यवस्थाओं और सेवाओं के बेहतर संचालन में सहयोग प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका द्वारा व्यापार अनुज्ञप्ति व्यवस्था लागू किए जाने से नगर में व्यवसायिक गतिविधियों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण होगा और पारदर्शी एवं नियमबद्ध व्यापारिक वातावरण का निर्माण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर पालिका परिषद ने क्षेत्र के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानदारों, सेवा प्रदाताओं एवं अन्य व्यवसाय संचालकों से अपने-अपने व्यवसाय हेतु आवश्यक व्यापार अनुज्ञप्ति प्राप्त करने की अपील की है। बिना अनुज्ञप्ति व्यवसाय संचालन नियमानुसार उचित नहीं है तथा भविष्य में जांच के दौरान आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि वे नगर पालिका कार्यालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत कर शीघ्र व्यापार अनुज्ञप्ति प्राप्त करें, ताकि नगर क्षेत्र में सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं नियमसम्मत व्यापार व्यवस्था स्थापित की जा सके।

