Homeछत्तीसगढ़भूमिया में 2 करोड़ के विद्युत सब स्टेशन की घोषणा, भूमिया शिविर...

भूमिया में 2 करोड़ के विद्युत सब स्टेशन की घोषणा, भूमिया शिविर में मंत्री टंक राम वर्मा ने दी बड़ी सौगात

सुशासन तिहार के अंतिम शिविर में 973 आवेदन प्राप्त, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण

तिल्दा नेवरा

तिल्दा-नेवरा। सुशासन तिहार के पांचवें एवं अंतिम शिविर का आयोजन सोमवार को ग्राम पंचायत भूमिया में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री वर्मा ने भूमिया क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों की मांग पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब स्टेशन निर्माण की घोषणा की, जिसका उपस्थित ग्रामीणों ने स्वागत किया।

शिविर में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती स्वाति वर्मा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शैल महेंद्र साहू, जनपद सदस्य देवेन्द्र वर्मा, श्रीमती उतरा निषाद, श्रीमती गीतांजली ध्रुव, श्रीमती सेवती बैतल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 973 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 165 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि 808 आवेदन लंबित हैं, जिनका निराकरण आगामी एक माह के भीतर किए जाने का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को आवास की चाबी एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 11 लखपति दीदियों को प्रमाण-पत्र, 7 महिलाओं को स्वीकृति पत्र तथा 4 महिला सदस्यों को चेक प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 आयुष्मान कार्ड एवं 3 हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित किए गए।

कृषि विभाग ने 10 किसानों को ढैंचा एवं मूंग बीज, मनरेगा के तहत 10 हितग्राहियों को जॉब कार्ड, राजस्व विभाग ने 5 आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र तथा 10 स्वामित्व योजना अधिकार अभिलेख कार्ड वितरित किए। श्रम विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, नोनी सशक्तिकरण सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत 20 हजार रुपये का चेक एवं मिनी माता महतारी जतन योजना की सहायता राशि प्रदान की गई। खाद्य विभाग ने 6 हितग्राहियों को प्राथमिकता राशन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग ने 2 दिव्यांग हितग्राहियों को छड़ी वितरित की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन, जनपद पंचायत तिल्दा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि कुमार, सरपंच मोहित कुमार यदु सहित 17 पंचायतों के सरपंच, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments