गरियाबंद-छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजिम से भाजपा विधायक रोहित साहू का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो गुरुवार की शाम पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान का बताया जा रहा है। मंच से विधायक एक शख्स से कहते हुए दिख रहे हैं कि तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा, जेल में अंदर करवा दूंगा, बिना दारू पीए आना…कांग्रेसी वाली बात मत कर।
विधायक ने शख्स को धमकाते हुए कहा कि रोहित साहू जितना सीधा है, उतना ही टेढ़ा भी है, तुम रोहित साहू को नहीं जानते। दरअसल विधायक साहू पंचायत चुनाव में भाजपा के प्रचार में निकले थे, इस दौरान वे लोगों पर ही भड़क गए।

‘तलवा चाटने वाले’ बयान से भड़की भीड़
बोरसी में एक सभा के दौरान विधायक साहू ने मंच से गांव के लोगों को कांग्रेसी और पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल का ‘तलवा चाटने वाला’ कह दिया। समर्थकों की मानें तो ये सुनते ही भीड़ भड़क गई। वायरल वीडियो में विधायक कहते दिख रहे हैं कि ‘रोहित साहू ल सीधा झन समझ, तोर अमितेष शुक्ला ल पानी पिया दे हंव मय ह, चमचागिरी झन कर इहां। तय दारू पीके मोर सामने बात मत कर समझ गेस। अभी अंदर करवाहूं।
इसका हिंदी में मतलब है कि रोहित साहू को सीधा मत समझो, तुम्हारे अमितेश शुक्ला को पानी पिला दिया हूं मैं। चमचागिरी मत करो…तुम शराब पीके मेरे सामने बात मत करो। अभी अंदर करवा दूंगा।
अरंड गांव में जब ग्रामीणों ने विधायक से सड़क, पानी और बिजली की मांग रखी तो विधायक का जवाब सुनकर लोग दंग रह गए। उन्होंने साफ कह दिया कि विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र से उन्हें वोट नहीं मिला तो यहां सुविधाएं भी नहीं दी जाएगी।
बता दें कि विधायक रोहित साहू जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 1 से बीजेपी की अधिकृत प्रत्याशी नंदनी कोमल ढीढी के लिए प्रचार कर रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी हुमा देवी सांग चुनाव लड़ रही है। हुमा देवी सांग कांग्रेस नेता हेमंत सांग की पत्नी है। हेमंत सांग कुछ दिनों पहले ही रायपुर जेल से जमानत पर रिहा हुए हैं। उन्हें बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार किया गया था।