ग्राम झिपन में देशभक्ति का अनूठा नजारा, ढोल-नगाड़ों और भारत माता के जयघोष के बीच सेवानिवृत्त सैनिक हेमन लाल वर्मा का नागरिक अभिनंदन
“जिसने24 वर्षों तक देश की सीमाओं की रक्षा की, आज पूरा गांव उसके सम्मान में सिर झुकाने उमड़ पड़ा।”
बलौदा बाजार। भारतीय सेना में 24 वर्षों तक मातृभूमि की रक्षा का दायित्व निभाने वाले ग्राम पंचायत झिपन के वीर सपूत हेमन लाल वर्मा जब सेवानिवृत्ति के बाद अपने गांव लौटे, तो पूरा गांव उनके स्वागत में सड़कों पर उतर आया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और “भारत माता की जय” के जयघोष से पूरा गांव देशभक्ति के रंग में रंग गया। ग्रामीणों ने अपने वीर सैनिक का ऐसा भव्य नागरिक अभिनंदन किया, जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
गांव के मुख्य मार्गों से निकली स्वागत यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हेमन लाल वर्मा का स्वागत किया गया। शॉल, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह और पुष्पमालाओं से सम्मानित करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि गांव का यह बेटा 24 वर्षों तक देश की सीमाओं पर डटा रहा, इसलिए आज पूरा गांव उस पर गर्व कर रहा है।
समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अदिति बघमार ने कहा कि सैनिक केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव होता है। सीमाओं पर तैनात जवान अपने सुख-दुख से ऊपर उठकर देश की सुरक्षा करते हैं। हेमन लाल वर्मा का अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति युवाओं के लिए प्रेरणा है तथा ऐसे सैनिकों का सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच संतोष वर्मा ने कहा कि ग्राम झिपन के लिए यह गौरव का अवसर है। गांव के एक बेटे ने 24 वर्षों तक देश की सेवा कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आने वाली पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
भाजपा किसान मोर्चा जिला सोशल मीडिया प्रभारी बलकरण सिंह ठाकुर, ने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिकों के त्याग और बलिदान के कारण ही देश सुरक्षित है। सैनिकों का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है।
समारोह में मौजूद पूर्व सैनिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और युवाओं से सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों ने वातावरण को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर उपसरपंच दीपक मनहरे, संदीप वर्मा ,सूबेदार हरीश अवस्थी, हवलदार राकेश कुमार वर्मा, नायब सूबेदार धनेश्वर साहू, युगल किशोर यादव सहित अनेक पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धनेश्वर वर्मा ने किया, जबकि शिक्षक इनू राम वर्मा ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
24 वर्षों तक देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिक के सम्मान में उमड़ा यह जनसैलाब इस बात का प्रमाण था कि देश अपने सैनिकों का सम्मान करना अच्छी तरह जानता है।

