सूरजपुर-छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले स्थित बतरा डैम में मछली पकड़ने गए 9 ग्रामीणों की नाव अचानक पलट गई। सोमवार रात हुए हादसे में 6 ग्रामीण तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 3 ग्रामीण लापता हो गए हैं। 10 घंटे बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है। सभी ग्राम राईं के रहने वाले हैं। घटना करंजी चौकी क्षेत्र की है।
मौके पर पहुंची DDRF (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि डैम में मछली पकड़ना बैन किया गया था, बावजूद इसके सभी लोग चोरी-छिपे रात 2 बजे जाल फैला रहे थे। इस दौरान बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ।
घटना रात 2 बजे की है। नाव पलटने के बाद 6 ग्रामीण तैरकर बाहर आ गए थे। 3 ग्रामीण बाहर नहीं निकल सके और पानी में बह गए। इनमें समय लाल और जगपाल सहित एक अन्य युवक शामिल हैं।
घटना की सूचना रात में ही रिश्तेदारों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। इधर, सूचना पर करंजी पुलिस और सुबह डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लापता ग्रामीणों की तलाश की जा रही है। फिलहाल अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।बताया जा रहा है कि बतरा डैम में पहले मछली पालन का ठेका दिया गया था। लीज की अवधि समाप्त होने के बाद डैम में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बावजूद ग्रामीण रात में चोरी-छिपे मछली पकड़ने गए थे।

