Homeछत्तीसगढ़सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सोमनाथ में हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, हर तरफ गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे

तिल्दा नेवरा-सावन के दूसरे सोमवार को तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु फूल, अगरबती बेलपत्र, दूध, दही, धतूरा और फल सहित पूजा सामग्री लेकर मंदिरों में पहुंचते रहे। मंदिरों में दिनभर ‘ॐ नमः शिवाय’ के जाप और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में कांवरिए तिल्दा के लखना गांव होते हुए खारून और शिवनाथ नदी के संगम स्थल स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान कर भगवान शिव के दिव्य शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।

हजारों कांवरियों ने किया जलाभिषेक
सोमनाथ में सावन के पूरे महीने धार्मिक माहौल बना रहता है। दूसरे सोमवार को भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। श्रद्धालुओं की संख्या तीसरे और अंतिम यानि की चोथे सोमवार को भक्तो संख्या और बढेगी। तिल्दा शहर और आसपास के अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, पलारी, खरोरा, सिमगा, बेमेतरा और रायपुर सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी कांवरिए यहां पहुंचते हैं

तिल्दा की कई सेवा समितियो सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में पानी, चाय, नाश्ता, फल और भोजन की व्यवस्था की जाती है। सोमनाथ सेवा समिति के तत्वाधान में तिल्दा से श्रद्धालु हरिद्वार से लाए गए गंगाजल को लेकर संकट मोचन हनुमान मंदिर से सोमनाथ तक करीब 16 किलोमीटर की कांवर यात्रा करते हैं और भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करते हैं।

वर्षों से बढ़ती जा रही श्रद्धालुओं की संख्या

स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार सोमनाथ मंदिर में करीब 5 दशक सावन के दौरान कुछ दर्जन लोग ही दर्शन के लिए पहुंचते थे। यहा शिवरात्रि के दिन दशको से  मेला भरता है ,,समय के साथ मंदिर की प्रसिद्धि बढ़ती गई और श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ी।बताया जाता है कि नेवरा निवासी गोपाल अग्रवाल के प्रयासों से करीब 20 वर्ष पहले सोमनाथ कांवड़ यात्रा समिति का गठन कर कांवड़ यात्रा की शुरुआत की गई। इसके बाद सोमनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। आज सावन के पूरे महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार तीसरे और अंतिम सोमवार को करीब 10 से 15 हजार तक कांवरियों के पहुंचने की संभावना रहती है।

दर्शन व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी

जहां एक ओर सोमनाथ में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर दर्शन व्यवस्था को लेकर कुछ श्रद्धालुओं में नाराजगी भी सामने आई है। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों से आने वाले लोगों से कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। यह वसूली किसके द्वारा की जा रही है और उन्हें किसने तैनात किया है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

कुछ श्रद्धालुओं ने मंदिर में पीछे के दरवाजे से पैसे लेकर जलाभिषेक और पूजा कराने की व्यवस्था होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले सभी श्रद्धालुओं को दिव्य शिवलिंग तक पहुंचकर अपने हाथो से जलाभिषेक करने का अवसर मिलता था,फिर भक्त चाहे साधारण हो या या मंत्री विधायक,लेकिन अब कथित तौर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों से पहुंच रखने वाले अथवा पैसे देने वाले लोगों को ही विशेष सुविधा मिल रही है।

हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। श्रद्धालुओं की मांग है कि मंदिर प्रबंधन और प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर दर्शन व्यवस्था को पारदर्शी बनाए, ताकि हर भक्त को बिना किसी भेदभाव के भगवान शिव का दर्शन और जलाभिषेक करने का अवसर मिल सके।
पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल सोमनाथ के अलावा तिल्दा-नेवरा शहर के दशको पुराने देवीदीन शिव मंदिर ,सिचाई विभाग परिसर में स्थित शिव मंदिर के साथ बघेल चौक ,सरकारी अस्पताल परिसर शिव मंदिर केसाथ आसपास के गांवों के शिव मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के दूसरे सोमवार को पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से भक्तिमय नजर आया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments