गरियाबंद। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के मुडा गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों से खराब सड़क और आवागमन की परेशानी से नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम में सड़क की हालत और बदतर हो जाती है, जिससे गांव का संपर्क प्रभावित होता है और स्कूल, अस्पताल व बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
नेशनल हाईवे जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

