पीएम श्री स्कूल तिल्दा के ‘स्टूडेंट स्टोर’ का मंत्री ने किया अवलोकन, बच्चों के हुनर और नवाचार की सराहना
तिल्दा नेवरा -शिक्षक सम्मान समारोह के अवसर पर मंगलवार को राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने पीएम श्री शासकीय विद्यालय, तिल्दा में विद्यार्थियों द्वारा संचालित ‘स्टूडेंट स्टोर’ का अवलोकन किया। उन्होंने स्टोर के संचालन की प्रक्रिया को समझने के साथ विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव भी जाने। बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और कार्यकुशलता की मंत्री ने जमकर सराहना की।
स्टूडेंट स्टोर के माध्यम से विद्यार्थी व्यवसाय संचालन, वस्तुओं की बिक्री, वित्तीय लेखा-जोखा, अकाउंटिंग और ग्राहक व्यवहार जैसे विभिन्न व्यावहारिक एवं व्यावसायिक कौशल सीख रहे हैं। विद्यार्थियों ने अतिथियों के समक्ष स्टोर की गतिविधियों का आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया।
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि व्यावहारिक गतिविधियां विद्यार्थियों में उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने स्टूडेंट स्टोर की पहल को 21वीं सदी की शिक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे कौशल विकास की अवधारणा का प्रभावी उदाहरण बताया।
उन्होंने इस नवाचार के लिए विद्यालय के प्राचार्य एवं मार्गदर्शन दे रहे व्याख्याता के प्रयासों की भी सराहना की। मंत्री ने कहा कि पारंपरिक पढ़ाई के साथ बच्चों को व्यावसायिक और जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर कौशल विकास पर जोर
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप पीएम श्री विद्यालयों में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर व्यावहारिक, तकनीकी और जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ने के लिए विभिन्न नवाचार कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम में शिक्षा आयोग के अध्यक्ष सुधीर गौतम, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने ‘स्टूडेंट स्टोर’ की गतिविधियों की जानकारी अतिथियों को दी।

