रायगढ़ -छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है…जहां तुमीडीह डैम किनारे जंगल में मिली अर्धनग्न युवती की लाश की पहचान अब हो गई है। मृतका 31 साल की अधिवक्ता थी और रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य भी थी।युवती का शव 12 मई को जंगल में औंधे मुंह पड़ा मिला था। शरीर के पास कपड़े बिखरे हुए थे… चेहरा पत्थर से कुचल दिया गया था ताकि पहचान मिटाई जा सके। वहीं गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में मारपीट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।
मामले ने तब और रहस्य बढ़ा दिया जब मृतका की बहन ने बताया कि 12 मई को दीदी का फोन बंद था… लेकिन अगले दिन अचानक फोन ऑन हुआ और किसी दूसरी लड़की ने कॉल रिसीव किया। उसने पहले कहा कि दीदी सो रही है, फिर उनकी आवाज में बात करने की कोशिश भी की। इसके कुछ समय बाद परिवार को सीधे मौत की खबर मिली।
इस निर्मम हत्या के बाद जिला अधिवक्ता संघ में भारी आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वकीलों ने यह भी ऐलान किया है कि आरोपी की पैरवी नहीं की जाएगी।एक महिला वकील… जो न्याय की लड़ाई लड़ती थी… आज खुद इंसाफ की प्रतीक्षा में है। सवाल ये है कि आखिर कानून की रक्षा करने वालों की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी…?

