तिल्दा-नेवरा।तिल्दा रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रेलवे रैक प्वाइंट की लापरवाही सामने आई, जहां यूरिया खाद खाने से तीन गौवंशों की मौत हो गई। घटना से गौसेवकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि रैक प्वाइंट के ठेकेदार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार सफाई नहीं कराई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार खरीफ सीजन के लिए रेलवे रैक के माध्यम से यूरिया खाद की खेप पहुंची थी। खाद उतारने के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया जमीन पर बिखर गया। उसी स्थान पर पहले से गिरे चावल को खाने के लिए पहुंचे गौवंशों ने चावल के साथ यूरिया भी खा लिया। कुछ ही देर में मवेशियों की हालत बिगड़ने लगी और एक गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सक को बुलाकर दो अन्य गायों का उपचार कराया गया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उनकी भी मौत हो गई। बाद में गौसेवकों ने तीनों गौवंशों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे रैक प्वाइंट पर पहले भी खाद और चावल बिखरे रहने के कारण कई गौवंशों की मौत हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदारों ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। नियमों के अनुसार खाद खाली होने के बाद संबंधित स्थान की तत्काल सफाई कराई जानी चाहिए, लेकिन ठेकेदार द्वारा लगातार लापरवाही बरती जाती है। बारिश होने पर यूरिया की दुर्गंध से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
घटना के बाद गौसेवकों और नागरिकों ने रेलवे प्रशासन एवं संबंधित विभाग से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, रैक प्वाइंट पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

